फरीदाबाद में विकास कार्यों को रफ्तार, कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने 160 करोड़ की परियोजनाओं का किया शिलान्यास, 95 लाख के कम्युनिटी सेंटर का उद्घाटन
फरीदाबाद, 22 नवंबर 2026। फरीदाबाद की इंदिरा कॉलोनी, मिलाड कॉलोनी, संजय कॉलोनी और आसपास के क्षेत्रों में विकास कार्यों को नई रफ्तार देने के लिए हरियाणा के कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने कई महत्वपूर्ण घोषणाएं की हैं। रविवार को उन्होंने इंदिरा कॉलोनी में करीब 95 लाख रुपये की लागत से बने कम्युनिटी सेंटर का उद्घाटन किया। साथ ही लगभग 160 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास करते हुए क्षेत्रवासियों को बेहतर सड़कें, नालियां, बिजली, पानी, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने का भरोसा दिलाया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने कहा कि क्षेत्र की जनता उनके लिए केवल मतदाता नहीं, बल्कि परिवार का हिस्सा है। जनता ने जो विश्वास और आशीर्वाद उन्हें दिया है, उसका सम्मान करते हुए वह क्षेत्र के विकास के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं।
कम्युनिटी सेंटर में मात्र 5,100 रुपये में हो सकेंगे कार्यक्रम
इंदिरा कॉलोनी में करीब 95 लाख रुपये की लागत से तैयार कम्युनिटी सेंटर स्थानीय लोगों के लिए बड़ी सौगात माना जा रहा है। मंत्री विपुल गोयल ने बताया कि इसके संचालन और रखरखाव के लिए एक ट्रस्ट पंजीकृत करवाया जाएगा। यहां सामाजिक और पारिवारिक कार्यक्रम आयोजित करने के लिए मात्र 5,100 रुपये शुल्क निर्धारित किया जाएगा।
इसके अलावा कॉलोनी में गंदगी वाले स्थान पर चारदीवारी का निर्माण करवाया गया है। आगामी दो महीनों में इस स्थान को सुंदर पार्क के रूप में विकसित करने की योजना है। पार्क में लोगों के बैठने के लिए बेंच, बच्चों के लिए झूले और युवाओं के लिए ओपन जिम की सुविधा उपलब्ध करवाई जाएगी।
मिलाड कॉलोनी के विकास के लिए 2.5 करोड़ रुपये का आश्वासन
मंत्री विपुल गोयल ने मिलाड कॉलोनी के विकास में सहयोग के लिए एम.एल. शर्मा का विशेष आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि एम.एल. शर्मा ने क्षेत्र के विकास कार्यों के लिए कुल 2.5 करोड़ रुपये खर्च करने का आश्वासन दिया है। इसमें 1.25 करोड़ रुपये की पहली और 1.25 करोड़ रुपये की दूसरी किस्त शामिल होगी।
इस सहयोग से कॉलोनी में सड़क, बिजली और पानी जैसी मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने का प्रयास किया जाएगा।
तीन महीने में 14 कमरों का अस्थायी स्कूल और डिस्पेंसरी बनाने की योजना
कार्यक्रम के दौरान शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर भी बड़ी घोषणा की गई। मंत्री ने बताया कि क्षतिग्रस्त स्कूल भवन के स्थान पर नया स्कूल बनाने के लिए जगह चिन्हित कर ली गई है।
बच्चों की पढ़ाई प्रभावित न हो, इसके लिए ओमेक्स कंपनी से बातचीत की गई है। कंपनी द्वारा अगले तीन महीनों में 14 कमरों का अस्थायी स्कूल भवन और एक डिस्पेंसरी तैयार करने का निर्णय लिया गया है।
इससे स्थानीय बच्चों को पढ़ाई के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा, वहीं क्षेत्र के बुजुर्गों, महिलाओं और जरूरतमंद लोगों को नजदीक ही स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकेंगी।
लगभग 160 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का शिलान्यास
कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने कहा कि इंदिरा कॉलोनी की बची हुई सड़कों, नालियों और अन्य जरूरी विकास कार्यों सहित लगभग 160 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का शिलान्यास किया जा रहा है।
उन्होंने भरोसा दिलाया कि महेंद्र कॉलोनी, मिलाड कॉलोनी, संजय कॉलोनी और आसपास के क्षेत्रों में भी चरणबद्ध तरीके से विकास कार्य करवाए जाएंगे। आगामी छह महीनों में मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं का समाधान करने का प्रयास किया जाएगा।
रोजगार और बेटियों की शादी के लिए आर्थिक सहायता का भी किया जिक्र
विपुल गोयल ने युवाओं की शिक्षा और रोजगार को प्राथमिकता बताते हुए प्रत्येक परिवार से दो लोगों को रोजगार उपलब्ध करवाने की दिशा में प्रयास करने का संकल्प लिया।
उन्होंने हरियाणा सरकार की बेटियों के विवाह से जुड़ी सहायता योजना का उल्लेख करते हुए पात्र परिवारों से शादी तय होने पर एडीसी कार्यालय में आवेदन करने की अपील की, ताकि उन्हें 71 हजार रुपये तक की सहायता राशि का लाभ मिल सके।
इसके अलावा महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए सरकार द्वारा 2,100 रुपये मासिक सहायता देने के वादे को पूरा करने की दिशा में चल रहे प्रयासों का भी जिक्र किया।
जनसहयोग से फरीदाबाद को बेहतर बनाने का संकल्प
मंत्री विपुल गोयल ने नागरिकों से आयुष्मान भारत सहित विभिन्न सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की। उन्होंने कहा कि फरीदाबाद को बेहतर और सुविधायुक्त शहर बनाने के लिए सरकार के साथ-साथ उद्योगपतियों, समाजसेवियों और स्थानीय लोगों का सहयोग भी बेहद जरूरी है।
कार्यक्रम में पार्षद मुकेश अग्रवाल, सचिन शर्मा, अजित नंबरदार, रुमा नंबरदार, महावीर, श्यामवीर, विष्णु गुप्ता, राम कुमार मित्तल सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
Panipat, Panipat | Nov 22, 2026