आज दिनांक 27.07.2026 को जिलाधिकारी, सिवान के निर्देशानुसार उप विकास आयुक्त, सिवान की अध्यक्षता में प्रधानमंत्री सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना (PM Surya Ghar Muft Bijli Yojana) की प्रगति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में वरीय उप समाहर्ता, सभी कनीय विद्युत अभियंता (JEE), सहायक विद्युत अभियंता (AEE), योजना से जुड़े सभी सोलर वेंडर, विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधि तथा जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक (LDM) उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान उप विकास आयुक्त ने योजना के क्रियान्वयन में बैंकों की भूमिका को अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए निर्देश दिया कि किसी भी ऋण आवेदन को तुच्छ अथवा औपचारिक कारणों के आधार पर अस्वीकृत नहीं किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस प्रकार की शिकायतें प्राप्त होने पर संबंधित बैंक के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। सभी पात्र ऋण आवेदनों का शीघ्र अनुमोदन एवं स्वीकृति सुनिश्चित की जाए। साथ ही, पूर्व में अस्वीकृत किए गए सभी ऋण आवेदनों की पुनः समीक्षा कर पात्र मामलों में स्वीकृति प्रदान करने का निर्देश दिया गया।
साथ ही उप विकास आयुक्त ने सभी क्षेत्रीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि योजना के अंतर्गत उपभोक्ताओं का पंजीकरण अभियान तेज किया जाए। विशेष रूप से अधिक विद्युत खपत करने वाले उपभोक्ताओं को चिन्हित कर उन्हें योजना का लाभ दिलाने हेतु प्रेरित किया जाए, क्योंकि ऐसे उपभोक्ता योजना के संभावित लाभार्थी हैं। प्रत्येक विद्युत सेक्शन के लिए आगामी एक सप्ताह के भीतर 100 नए उपभोक्ताओं के पंजीकरण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। बैठक में यह भी बताया गया कि इस योजना की साप्ताहिक समीक्षा मुख्य सचिव स्तर पर की जा रही है। अतः सभी संबंधित अधिकारी एवं कर्मी योजना को सर्वोच्च प्राथमिकता दें तथा इसके महत्व को समझते हुए पूर्ण गंभीरता एवं तत्परता के साथ कार्य करें। योजना के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की शिथिलता अथवा लापरवाही किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं की जाएगी।
अंत में उप विकास आयुक्त ने सभी संबंधित विभागों, बैंकों एवं सोलर वेंडरों से समन्वय स्थापित कर निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध ढंग से पूरा करने का आह्वान किया।
प्रभारी जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, सिवान
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
#siwan
18 views | Siwan, Bihar | Jul 28, 2026