एशियन पैरा गेम्स के स्वर्ण पदक विजेता शैलेश कुमार को डीएम-एसपी ने किया सम्मानित, गांव में खेल मैदान के विकास की पहल तेज
जमुई। एशियन पैरा गेम्स-2026 में स्वर्ण और कांस्य पदक जीतकर देश का मान बढ़ाने वाले पैरा एथलीट शैलेश कुमार के पैतृक गांव इस्लामनगर पहुंचकर जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने उन्हें सम्मानित किया। अधिकारियों ने शैलेश के परिजनों से मुलाकात कर उनकी उपलब्धि पर बधाई दी।
जापान के आइची-नागोया में आयोजित प्रतियोगिता में शैलेश ने ऊंची कूद में 1.89 मीटर की छलांग लगाकर स्वर्ण पदक और नया गेम्स रिकॉर्ड बनाया। वहीं, लंबी कूद में 5.57 मीटर की छलांग के साथ कांस्य पदक हासिल किया।
शैलेश के अनुरोध पर डीएम ने पंचायत सरकार भवन के समीप प्रस्तावित खेल मैदान का निरीक्षण किया। अंचल अधिकारी, अलीगंज को भूमि की मापी और अतिक्रमण हटाने का निर्देश दिया गया।
शैलेश ने ‘मेडल लाओ, नौकरी पाओ’ योजना के तहत सीडीपीओ पद पर नियुक्ति के लिए सरकार का आभार जताया। उनका अगला लक्ष्य लॉस एंजिल्स पैरालंपिक-2028 में देश के लिए पदक जीतना है।
Jamui, Jamui | Oct 31, 2026