के गले से लॉकेट काटकर भाग रहा युवक पकड़ा गया, भीड़ ने की पिटाई
जहानाबाद: शहर के मलहचक मोड़ पर सोमवार की रात बाजार में खरीदारी करने पहुंचे एक बच्चे के गले से सोने का लॉकेट काटकर भाग रहे एक युवक को लोगों ने पकड़ लिया। घटना के बाद आक्रोशित भीड़ ने आरोपित की पिटाई कर दी। बाद में उसे नगर थाना पुलिस के हवाले कर दिया गया। पुलिस ने आरोपित के पास से बच्चे का कथित चोरी हुआ सोने का लॉकेट बरामद करने की बात कही है।
जानकारी के अनुसार, दो महिलाएं एक बच्चे के साथ मलहचक मोड़ स्थित बाजार में खरीदारी करने पहुंची थीं। इसी दौरान भीड़ का फायदा उठाकर एक युवक ने बच्चे के गले से सोने का लॉकेट काट लिया और वहां से भागने लगा। कुछ देर बाद बच्चे के गले से लॉकेट गायब होने की जानकारी महिला को हुई। उसने शोर मचाना शुरू कर दिया।
महिला के शोर मचाने पर आसपास के लोग जुट गए और भाग रहे युवक का पीछा कर उसे पकड़ लिया। इसके बाद आक्रोशित लोगों ने उसकी पिटाई शुरू कर दी। घटना की सूचना मिलने पर बच्चे के परिजन भी मौके पर पहुंचे। इस दौरान आरोपित युवक कथित रूप से परिजनों से उलझ गया, जिसके बाद लोगों ने उसे पुलिस के हवाले कर दिया।
तलाशी में बरामद हुआ लॉकेट
पकड़े गए युवक की पहचान गेड़िया खंड निवासी मोहम्मद बैगी के रूप में बताई गई है। नगर थाना पुलिस ने उसकी तलाशी ली, जिसमें सोने का लॉकेट बरामद होने की बात कही गई। सूचना मिलने पर नगर थाना के अपर थानाध्यक्ष श्याम कुमार पांडेय भी मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की। पुलिस घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।