जिला स्तरीय पंच सरपंच सम्मेलन का आयोजन किया गया
विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण) अधिनियम 2025 दिनांक 01 जुलाई 2025 से प्रभावशील हो गया हैं । अधिनियम के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु शासन निर्देशानुसार पंचायतराज संस्थाओं के निर्वाचित प्रतिनिधियों सरपंच, पंच, जिला/जनपद पंचायतों के अध्यक्ष/उपाध्यक्ष, सदस्य का अधिनियम के उद्धेश्यो, प्रावधानों एवं क्रियान्वयन प्रक्रिया से परिचित कराने हेतु 22 अगस्त को दोपहर 12.00 बजे ''जिला स्तरीय पंच-सरपंच सम्मेलन'' का आयोजन पी.एम. कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस शहीद भीमा नायक शा.स्ना. महा. विद्यालय बडवानी के ऑडिटोरियम हॉल में किया गया । सम्मेलन में जिले की समस्त ग्राम पंचायतों से पंच-सरपंच उपस्थित हुए जिनको योजना क्रियान्वयन के संबंध में मार्गदर्शन दिया गया। योजना में 125 दिन की रोजगार गारंटी, ग्राम सभा द्वारा विकसित ग्राम पंचायत योजना तैयार करना जिसमें जल सुरक्षा के कार्य, ग्रामीण बुनियादी ढांचा तैयार करना, आजीविका संबंधी कार्य एवं आपदा से संबंधित कार्य लिए जाने एवं समय पर मजदूरी भुगतान तकनीक के जरिए सशक्तिकरण करना योजना के मुख्य उद्धेश्यों के संबंध में पंच- सरपंच सम्मेलन आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिले के माननीय जिला पंचायत सदस्य, जनपद अध्यक्ष / उपाध्यक्ष,पंच-सरपंच एवं अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
माननीय जिला पंचायत सदस्य श्री बर्मा सोलंकी जी ने कहा कि विकसित भारत तभी बनेगा, जब हमारी पंचायतें विकसित होंगी। इसी उद्देश्य को लेकर 'विकसित भारत-जी राम जी' योजना लागू की गई है। उन्होंने पंच-सरपंच सम्मेलन में आये पंचायत प्रतिनिधियों से कहा कि पंचायत के विकास के लिए सभी को आज से ही काम शुरू करने की आवश्यकता है। सरपंच का कार्यकाल समाप्त होने के बाद भी गांव और पंचायत में ही रहना है। इसलिए पंचायत को स्वस्थ, स्वच्छ और खुशहाल बनाने तथा लोगों को रोजगार उपलब्ध कराने की सोच के साथ कार्य करना चाहिए।
श्री बर्मा सोलंकी जी ने 'विकसित भारत-जी राम जी' योजना के अंतर्गत मध्यप्रदेश में लागू 10 कार्यों पर चर्चा करते हुए कहा कि पंचायतों को अपनी आवश्यकता के अनुसार इन कार्यों का चयन करना चाहिए। उन्होंने कंटूर ट्रेंच एवं बोल्डर चेक डैम, रूफटॉप वाटर हार्वेस्टिंग, कूप जल भरण, बोरवेल एवं हैंडपंप के सामने सोक पिट, एक बगिया मां के नाम निर्माण, वन विभाग की नर्सरी में कार्य, पशु शेड तथा सुगम संपर्कता निर्माण से संबंधित प्रावधानों को समझाया।
Barwani, Madhya Pradesh | Aug 22, 2026