मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान से संवर रहीं जिंदगियां
------
जनसमस्याओं का हो रहा त्वरित निराकरण, मौके पर मिल रहा योजनाओं का लाभ
बड़वानी 21 अगस्त 2026/आम जनता की शिकायतों का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने, शासकीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की मॉनिटरिंग और लोक सेवाओं की समय-सीमा में प्रदायगी समीक्षा के उद्देश्य से मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान संचालित किया जा रहा है। इस अभियान का मुख्य ध्येय आमजन को पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण सेवाएं समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराना है।
बड़वानी जिले में अभियान के तहत आयोजित शिविरों और त्वरित प्रशासनिक कार्यवाहियों से आमजन को योजनाओं का सीधा लाभ मिल रहा है। वाली तहसील की बड़गाँव एव वझर दोनों क्लस्टरों को मिलाकर आयोजित शिविरों में कुल 1,167 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 90 प्रतिशत से अधिक का निराकरण सुनिश्चित किया गया, जबकि शेष आवेदनों पर समय-सीमा में कार्यवाही जारी है।
विभिन्न क्षेत्रों से सामने आईं सफलता की प्रमुख कहानियां-
1.दिव्यांग शिक्षा प्रोत्साहन योजना से संवरा अमित का भविष्य
ग्राम पंचायत फूलजवारी के निवासी मास्टर अमित खरते को अभियान के माध्यम से पारदर्शी और त्वरित प्रक्रिया के तहत श्दिव्यांग शिक्षा प्रोत्साहन सहायता योजनाश् की सहायता राशि स्वीकृत की गई है। इस आर्थिक सहायता के मिलने से अमित अपनी शिक्षा को बिना किसी वित्तीय बाधा के सुचारू रूप से जारी रख पाएंगे। इसके साथ ही, इस सहायता राशि का उपयोग वे अपने स्वास्थ्य और नियमित देखभाल के लिए भी बेहतर ढंग से कर सकेंगे।
2.झरी माता के रवीन्द्र को मिला आयुष्मान भारत योजना का संबल
निवाली तहसील के ग्राम झरीमाता में आयोजित जन विश्वास अभियान शिविर में स्थानीय निवासी श्री रवीन्द्र कनौजे ने अपना आयुष्मान कार्ड बनवाया। शिविर में मौजूद स्वास्थ्य विभाग और प्रशासनिक अमले ने तत्काल उनकी पात्रता की जांच कर मौके पर ही आयुष्मान कार्ड तैयार कर सौंपा। कार्ड प्राप्त होने पर खुशी जताते हुए श्री रवीन्द्र ने कहा कि इलाज के खर्च की चिंता अब दूर हो गई है। इस कार्ड के माध्यम से उनके परिवार को 5 लाख रुपये तक के निःशुल्क और गुणवत्तापूर्ण इलाज की सुरक्षा गारंटी प्राप्त हुई है।
3.खाद्यान्न समस्या का मौके पर ही ऑन-द-स्पॉट निराकरण
बड़वानी निवासी श्री मुकेश दसौंधी ने आवेदन प्रस्तुत कर अवगत कराया था कि उनके परिवार के 3 सदस्यों को खाद्यान्न का लाभ प्राप्त नहीं हो पा रहा है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए नगर पालिका की टीम द्वारा तत्काल कार्यवाही की गई। निकाय अधिकारियों ने मौके पर ही आवेदक की पत्नी और दो बच्चों का विवरण खाद्यान्न पोर्टल पर पंजीकृत कर समस्या का ऑन-द-स्पॉट निराकरण किया, जिससे परिवार को खाद्यान्न सुरक्षा का अधिकार मिला।
मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के माध्यम से बड़वानी जिले में अंतिम छोर के व्यक्ति तक शासकीय योजनाओं का सीधा और त्वरित लाभ पहुँचाने का क्रम निरंतर जारी है।
1 views | Barwani, Madhya Pradesh | Aug 21, 2026