राजकीय महाविद्यालय कालका में उत्साहपूर्वक मनाया गया हिंदी दिवस
हिंदी भाषा के प्रति प्रेम, सम्मान एवं गौरव की भावना जागृत करना रहा उद्देश्य
हिंदी पखवाड़े के तहत विद्यार्थियों ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर लिया भाग
पंचकूला 15 सितंबर : राजकीय महाविद्यालय कालका की प्राचार्या डॉक्टर सीमा सिंह के कुशल नेतृत्व में हिंदी पखवाड़े के अंतर्गत हिंदी दिवस का आयोजन बड़े उत्साह, उमंग एवं हर्षोल्लास के साथ किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में हिंदी भाषा के प्रति प्रेम, सम्मान एवं गौरव की भावना उत्पन्न करना तथा हिंदी के व्यापक प्रचार- प्रसार के लिए जागरूक करना था।
कार्यक्रम का शुभारंभ गणपति के समक्ष दीप प्रज्वलित एवं पुष्प अर्पित करके किया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय की प्राचार्या डॉक्टर सीमा सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि हिंदी केवल एक भाषा नहीं बल्कि भारतीय संस्कृति, परंपरा, भावनाओं और विचारों को अभिव्यक्त करने का सशक्त माध्यम है। हिंदी ने देश के विभिन्न क्षेत्रों और समुदायों को आपस में जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वह हिंदी का अधिक से अधिक प्रयोग करें तथा अपने दैनिक जीवन में हिंदी भाषा के प्रति सम्मान की भावना बनाए रखें। महाविद्यालय में 1 सितंबर से लेकर 14 सितंबर तक हिंदी पखवाड़ा मनाया गया जिसके अंतर्गत विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने कविता पाठ, स्लोगन लेखन, भाषण प्रतियोगिता, निबंध लेखन प्रतियोगिता, पुस्तक समीक्षा, साहित्यकारों पर कॉलाज मेकिंग, रंगोली प्रतियोगिता आदि अनेक गतिविधियों में उत्साह पूर्वक भाग लिया।
काव्य पाठ प्रतियोगिता में प्रथम स्थान पर एम. ए. द्वितीय वर्ष की वंशिका रही, द्वितीय स्थान पर बी.ए. तृतीय वर्ष की प्रिया रही, तृतीय स्थान बी.ए. तृतीय वर्ष की पूनम ने प्राप्त किया। भाषण प्रतियोगिता में प्रथम स्थान बी.ए. प्रथम वर्ष की इतिका चौहान ने प्राप्त किया, द्वितीय स्थान बी.ए. प्रथम वर्ष की भारती ने प्राप्त किया तृतीय स्थान पर प्रिया और अंशिका रही।