साइबर ठगी के लिए 7 लोगों के बैंक खातों का दुरुपयोग करने वाला आरोपी पंचकूला पुलिस की गिरफ्त में
पुलिस की अपील: अपना बैंक खाता, एटीएम कार्ड व पिन किसी को न दें, वरना साइबर ठगी की रकम आने पर आप भी फंस सकते हैं कानूनी कार्रवाई के शिकंजे में
पंचकूला/ 14 सितंबर:- साइबर अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने तथा साइबर ठगी में इस्तेमाल किए जा रहे म्यूल बैंक खातों पर कार्रवाई के लिए पंचकूला पुलिस कमिश्नर आईपीएस पंकज नैन के निर्देशानुसार विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत थाना साइबर क्राइम सेक्टर-20 पंचकूला पुलिस ने साइबर ठगी की रकम को बैंक खातों में मंगवाकर एटीएम के माध्यम से निकलवाने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान विशाल कुमार निवासी जिला सोनीपत, हाल निवासी पिंजौर, जिला पंचकूला, उम्र 22 वर्ष के रूप में हुई है।
साइबर थाना प्रभारी युद्धवीर सिंह ने बताया कि म्यूल बैंक खातों की जांच के दौरान संदिग्ध बैंक खातों में साइबर ठगी से संबंधित शिकायतें पाई गईं। जांच में सामने आया कि आरोपी विशाल कुमार ने अपने साथी के साथ मिलकर लोगों को उनकी मजबूरी व दोस्ती का फायदा उठाकर गुमराह किया तथा उनके बैंक खातों की जानकारी और एटीएम कार्ड हासिल किए। आरोपियों द्वारा इन बैंक खातों में साइबर ठगी की रकम मंगवाकर एटीएम के माध्यम से पैसे निकलवाए जाते थे। जांच के दौरान सामने आया कि आरोपियों ने 7 लोगों के बैंक खातों का दुरुपयोग किया है। पुलिस द्वारा अब तक सामने आए संदिग्ध बैंक खातों में साइबर ठगी से संबंधित करीब 8 लाख रुपये की रकम की पहचान की गई है। मामलें की जांच पीएसआई अभिषेक छिल्लर द्वारा की जा रही है।
डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक आईपीएस अमरिंदर सिंह के अनुसार इस संबंध में 11 सितम्बर को थाना साइबर क्राइम सेक्टर-20 पंचकूला में बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था। हमारी टीम ने आरोपी विशाल कुमार को गिरफ्तार कर पूछताछ की। पुलिस रिमांड के दौरान आरोपी से मोबाइल फोन बरामद किया गया। इसके अलावा मामले में अन्य आरोपी की तलाश जारी है। आरोपी को 2 दिन के पुलिस रिमांड के बाद आज जेल भेज दिया है।
पंचकूला पुलिस आमजन से अपील करती है कि वे किसी भी व्यक्ति को अपना बैंक खाता, एटीएम कार्ड, एटीएम पिन, ओटीपी, बैंक पासवर्ड अथवा बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी न दें। अपने बैंक खाते का इस्तेमाल किसी अन्य व्यक्ति को न करने दें, क्योंकि साइबर ठगी की रकम आपके खाते में आने पर आपके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई हो सकती है। किसी भी प्रकार की साइबर ठगी होने पर तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज करवाएं cybercrime पर ऑनलाइन शिकायत करें।