मसूरी-कैम्पटी मार्ग पर भूस्खलन का कहर: मलबे की चपेट में आने से मकान और दुकान पूरी तरह ध्वस्त, आर्थिक सहायता की मांग।
मसूरी/कोल्टी: उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों में लगातार जारी मूसलाधार बारिश आफत बनकर बरस रही है। ताजा मामला मसूरी-कैम्पटी मुख्य मार्ग से सामने आया है, जहाँ भारी भूस्खलन (लैंडस्लाइड) होने के कारण एक आवासीय मकान और व्यावसायिक दुकान पूरी तरह से मलबे की चपेट में आ गए। इस भीषण हादसे में पूरी इमारत ताश के पत्तों की तरह ढहकर मलबे के ढेर में तब्दील हो गई है।
बताया जा रहा है कि यह प्रभावित संपत्ति ग्राम पंचायत कोल्टी के पूर्व प्रधान भीम सिंह पंवार की है। गनीमत यह रही कि घटना के वक्त सतर्कता बरतने के कारण किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई और सभी लोग सुरक्षित हैं, परंतु संपत्ति को भारी नुकसान पहुँचा है।क्षेत्र में बीते कई दिनों से बिना रुके हो रही अत्यधिक वर्षा के चलते पहाड़ियाँ कमजोर हो गई हैं, जिससे इस प्रकार के भूस्खलन की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं।
हादसे के बाद पूर्व प्रधान भीम सिंह पंवार और पीड़ित परिवार का रहने का ठिकाना व आजीविका का साधन पूरी तरह छिन चुका है। स्थानीय ग्रामीणों और जागरूक नागरिकों ने आपदा की इस संवेदनशील स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन और प्रदेश सरकार से तुरंत हस्तक्षेप करने की अपील की है। उन्होंने मांग की है कि पीड़ित परिवार की सुध लेते हुए उन्हें अविलंब उचित मुआवजा और आवश्यक आर्थिक सहायता प्रदान की जाए ताकि वे इस संकट से उबर सकें।"उत्तराखंड की हर बड़ी खबर सबसे पहले पाने के लिए Nandi News Uttarakhand को Follow करें।"
#Uttarakhand #Dehradun #NandiNews #BreakingNews #UttarakhandNews #massoori