पुलिस अधीक्षक करनाल श्री करण गोयल, आईपीएस ने कोर्ट कॉम्प्लेक्स की सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा,
सिक्योरिटी इंचार्ज एवं पुलिस कर्मचारियों को सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता रखने तथा सतर्कता के साथ ड्यूटी निभाने के दिए निर्देश,
जिला करनाल में कानून-व्यवस्था बनाए रखने एवं न्यायालय परिसर की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक करनाल श्री करण गोयल,आईपीएस ने कोर्ट कॉम्प्लेक्स करनाल की सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण कर जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने सुरक्षा ड्यूटी पर तैनात सिक्योरिटी इंचार्ज एवं पुलिस कर्मचारियों से सुरक्षा प्रबंधों की जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने न्यायालय परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने, प्रवेश एवं निकास द्वारों पर सतर्क निगरानी रखने तथा परिसर में आने-जाने वाले व्यक्तियों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने पुलिस कर्मचारियों को निर्देशित किया कि वे अपनी ड्यूटी पूरी सतर्कता, जिम्मेदारी एवं मुस्तैदी के साथ निभाएं तथा किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु के दिखाई देने पर तुरंत आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें।
पुलिस अधीक्षक श्री करण गोयल ने सुरक्षा ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों को आपसी समन्वय बनाए रखने और सुरक्षा संबंधी किसी भी सूचना को गंभीरता से लेते हुए तत्काल उच्चाधिकारियों को अवगत कराने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि न्यायालय परिसर की सुरक्षा पुलिस की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है, इसलिए सुरक्षा प्रबंधों में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
करनाल पुलिस न्यायालय परिसर की सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने तथा आमजन, अधिवक्ताओं एवं न्यायालय में आने वाले सभी व्यक्तियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।
इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अजीत सिंह व अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
Uklana, Hissar | Nov 11, 2026