*मारवाड़ी सेवा समिति, भागलपुर द्वारा 25 टीबी मरीजों के बीच फूड बास्केट का वितरण*
भागलपुर, 19 सितंबर। टीबी मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत टीबी मरीजों के पोषण एवं उपचार के दौरान सहयोग प्रदान करने के उद्देश्य से मारवाड़ी सेवा समिति, भागलपुर द्वारा 25 टीबी मरीजों के बीच फूड बास्केट का वितरण किया गया।
फूड बास्केट वितरण कार्यक्रम के अवसर पर मारवाड़ी सेवा समिति की ओर से श्री सज्जन कुमार किशोरपुरिया, श्री राम गोपाल पोद्दार, श्री रमण कुमार साह, श्री धीरज बाजोरिया, श्री किशोर झुनझुनवाला एवं श्री गोपाल राम चौधरी उपस्थित थे।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से जिला यक्ष्मा पदाधिकारी डॉ. दीनानाथ, जिला कार्यक्रम प्रबंधक श्री मणि भूषण झा, प्रभारी जिला कार्यक्रम समन्वयक (टी.बी.) श्री जितेंद्र प्रसाद सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि टीबी के उपचार के दौरान नियमित रूप से दवा लेने के साथ-साथ मरीजों के पोषण पर विशेष ध्यान देना आवश्यक है। पर्याप्त एवं पौष्टिक आहार मरीजों के स्वास्थ्य लाभ में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। सामाजिक संस्थाओं एवं व्यवसायिक संगठनों द्वारा टीबी मरीजों को पोषण संबंधी सहयोग प्रदान करना टीबी उन्मूलन की दिशा में एक सराहनीय पहल है।
कार्यक्रम के दौरान टीबी मरीजों को नियमित रूप से दवा लेने, चिकित्सकीय परामर्श का पालन करने तथा उपचार की पूरी अवधि तक दवा जारी रखने के लिए भी प्रेरित किया गया।
स्वास्थ्य विभाग एवं मारवाड़ी सेवा समिति के इस संयुक्त प्रयास का उद्देश्य टीबी मरीजों को उपचार के साथ-साथ आवश्यक पोषण सहयोग उपलब्ध कराते हुए जिले को टीबी मुक्त बनाने के अभियान को और मजबूती प्रदान करना है।
जिला जनसंपर्क कार्यालय,
भागलपुर
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
Bihar Health Department
Bhagalpur District Administration
42 views | Bhagalpur, Bihar | Sep 19, 2026