सरदार पटेल जयंती पर महाविद्यालय में गूंजा राष्ट्रीय एकता का संदेश
--
प्रतिमा पर माल्यार्पण, पौधारोपण, एकता दौड़, व्याख्यान एवं शपथ ग्रहण के साथ मनाया राष्ट्रीय एकता दिवस
---
सरदार वल्लभभाई पटेल शासकीय महाविद्यालय कुक्षी में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस), भारतीय ज्ञान परंपरा प्रकोष्ठ एवं युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के मेरा युवा भारत, जिला धार इकाई के संयुक्त तत्वावधान में लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में उत्साहपूर्वक मनाई गई। इस अवसर पर विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को राष्ट्रीय एकता, अखंडता एवं सामाजिक समरसता का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय परिसर स्थित सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर किया गया। इसके पश्चात पटेल उद्यान में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के अंतर्गत पौधारोपण किया गया। विद्यार्थियों एवं राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवकों द्वारा रन फॉर यूनिटी (एकता दौड़) का आयोजन भी किया गया, जिसमें उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया गया।
मुख्य कार्यक्रम में प्रभारी प्राचार्य डॉ. शिवसिंह मुझाल्दा ने सरदार पटेल के व्यक्तित्व एवं राष्ट्र निर्माण में उनके ऐतिहासिक योगदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि देशी रियासतों का एकीकरण कर सरदार पटेल ने भारत की एकता एवं अखंडता को मजबूत आधार प्रदान किया। उनका दृढ़ संकल्प, दूरदर्शिता और राष्ट्र के प्रति समर्पण आज भी प्रत्येक भारतीय के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने विद्यार्थियों से राष्ट्रीय एकता एवं सामाजिक सद्भाव के मूल्यों को अपने जीवन में आत्मसात करने का आह्वान किया। साथ ही उपस्थितजनों को राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई।
इस अवसर पर पूर्व जनभागीदारी अध्यक्ष श्री ओ.पी. पाटीदार ने राष्ट्रीय एकता एवं सामाजिक समरसता के महत्व पर अपने विचार व्यक्त किए। वहीं प्रो. नीलम पाटीदार ने सरदार पटेल को आधुनिक भारत का शिल्पकार बताते हुए उनके जीवन संघर्ष, नेतृत्व क्षमता एवं राष्ट्र निर्माण में दिए गए योगदान की विस्तारपूर्वक जानकारी दी।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. जी.एस. चौहान ने किया तथा आभार प्रदर्शन मेरा युवा भारत, जिला धार इकाई के कुक्षी विकासखंड स्वयंसेवक विदित पंवार ने किया।
इस अवसर पर डॉ. राकेश चौहान, डॉ. अकलेश पारिया, सुश्री कविता सोलंकी, सुश्री वैष्णवी पुरोहित, श्री जी.एस. रावत, डॉ. मानसिंह चौहान, डॉ. किशन पंवार सहित महाविद्यालयीन स्टाफ, बड़ी संख्या में विद्यार्थी एवं राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की जानकारी राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. महेन्द्र सिंह तड़वाल ने दी। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं सामूहिक उत्तरदायित्व के प्रति जागरूक करते हुए सरदार वल्लभभाई पटेल के आदर्शों पर चलने का संदेश दिया गया।
Jansampark Madhya Pradesh
1 views | Dhar, Madhya Pradesh | Oct 31, 2026