आगामी त्योहारों के मद्देनजर जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं शुद्धता सुनिश्चित करने के लिए खाद्य सुरक्षा प्रशासन द्वारा लगातार निरीक्षण एवं कार्रवाई की जा रही है। कलेक्टर श्री राजीव रंजन मीना के निर्देशानुसार एवं आयुक्त खाद्य सुरक्षा, मध्यप्रदेश के आदेशानुसार दूध डेयरी, मिठाई निर्माता, रेस्टोरेंट एवं नमकीन निर्माताओं के प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। अभिहित अधिकारी डॉ. अनिता सिंगारे के निर्देशन में खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्री राम गोपाल मऊटा एवं श्री सुभाष खेड़कर द्वारा 28, 29 एवं 30 अक्टूबर 2026 को विभिन्न प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई की गई।
खाद्य सुरक्षा दल द्वारा तहसील बदनावर में श्री राम रेस्टोरेंट, नागदा से बर्फी, गणेश रेस्टोरेंट, नागदा से मावा एवं एलकेएम रतलामी नमकीन से पैक नमकीन का नमूना जांच हेतु लिया गया। निरीक्षण के दौरान लिम्का कार्बोनेटेड वॉटर की अवसान तिथि समाप्त होने के बाद विक्रय किए जाने पर 740 मिलीलीटर की 9 बोतलें मौके पर नष्ट करवाई गईं। बांके बाबा डेयरी स्पेशियलिटीज, कानवन से पैक पनीर का नमूना लिया गया।
बड़ी चौपाटी बदनावर स्थित बैजनाथ रेस्टोरेंट से बेसन तथा न्यू महाकाल होटल से बेसन एवं मैदा के नमूने लिए गए। दोनों प्रतिष्ठानों पर साफ-सफाई में कमी पाए जाने पर सुधार सूचना नोटिस जारी किए गए। श्री बालाजी स्वीट्स बेकरी एंड रेस्टोरेंट से मावा का नमूना लिया गया तथा समोसा तलने में उपयोग किया जा रहा लगभग 14 किलोग्राम जला हुआ तेल मौके पर नष्ट करवाया गया। प्रतिष्ठान में साफ-सफाई नहीं पाए जाने पर नोटिस भी जारी किया गया। दुर्गा बीकानेर मिष्ठान से रसगुल्ला एवं खट्टा-मीठा मिक्सचर तथा गोकुल दूध डेयरी से मिक्स मिल्क, पनीर एवं मावा के नमूने जांच हेतु लिए गए।
धार शहर में राम नगर कॉलोनी स्थित मुरली नमकीन से रतलामी लोंग सेव एवं मिर्च पाउडर तथा मां दुर्गा नमकीन सेंटर से पाम तेल एवं खट्टा-मीठा मिक्सचर के नमूने लिए गए। मुरली नमकीन में साफ-सफाई की कमी पाए जाने पर सुधार सूचना नोटिस जारी किया गया। वहीं मां दुर्गा नमकीन सेंटर में साफ-सफाई की कमी के साथ बिना वैध खाद्य पंजीयन के कारोबार किया जाना पाए जाने पर संबंधित फर्म के विरुद्ध प्रकरण बनाया गया।
इसी क्रम में 30 अक्टूबर को तहसील धरमपुरी के खलघाट स्थित महावीर रेस्टोरेंट से बेसन, सुरभि नमकीन सेव एवं सागर नमकीन के नमूने लिए गए। परिसर में साफ-सफाई की कमी पाए जाने पर सुधार सूचना नोटिस जारी किया गया। राजस्थानी स्वीट्स एवं रेस्टोरेंट, खलघाट चौराहा से मावा, मावा मिठाई एवं मलाई बर्फी के नमूने जांच हेतु लिए गए। खलघाट स्थित जय भेरुनाथ डेयरी प्रोडक्ट से मावा, काजू, घी, मावा मिठाई एवं मिल्क केक के नमूने लिए गए। यहां खाद्य पदार्थों के निर्माण हेतु वैध खाद्य पंजीयन नहीं पाए जाने पर संबंधित फर्म के विरुद्ध प्रकरण बनाया गया। माहेश्वरी स्वीट्स एवं नमकीन, धामनोद से मावा, दूध कतली, नमकीन सेव एवं खट्टा-मीठा मिक्सचर के नमूने जांच हेतु लिए गए।
तहसील कुक्षी के अंतर्गत श्री राम एवरफ्रेश, बाग से पैक पनीर तथा चारवी दूध डेयरी, बाग से खुले गाय के दूध का नमूना लिया गया। इस प्रकार तीन दिनों में जिले के विभिन्न प्रतिष्ठानों से कुल 34 नमूने जांच हेतु एकत्रित किए गए हैं, जिन्हें भोपाल स्थित राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजा गया है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के उपरांत खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के अंतर्गत नियमानुसार आगामी कार्रवाई की जाएगी।
इसके अतिरिक्त 30 अक्टूबर को चलित खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला के माध्यम से मिठाई निर्माताओं एवं उनके कर्मचारियों को व्यक्तिगत स्वच्छता बनाए रखने, खाद्य पदार्थों के उचित रखरखाव, निर्माण परिसर में साफ-सफाई रखने तथा खाद्य पदार्थों के लेबल संबंधी आवश्यक जानकारी दी गई। रैपिड टेस्ट किट के माध्यम से दूध एवं दुग्ध पदार्थों में मिलावट की मौके पर जांच की गई। साथ ही चलित खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला के माध्यम से कर्मचारियों को विभिन्न प्रकार की खाद्य मिलावट की पहचान एवं जांच के संबंध में व्यावहारिक जानकारी भी दी गई।
खाद्य सुरक्षा प्रशासन द्वारा स्पष्ट किया गया है कि त्योहारों के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं शुद्धता बनाए रखने के लिए जिले में निरीक्षण एवं कार्रवाई का अभियान निरंतर जारी रहेगा।
Jansampark Madhya Pradesh
16 views | Dhar, Madhya Pradesh | Oct 30, 2026