*अटल वयो अभ्युदय योजना के अंतर्गत पांच दिवसीय समग्र कल्याण कार्यक्रम आयोजित*
*ठंड के मौसम में वृद्धजन स्वास्थ्य के प्रति विशेष सतर्कता बरतें – डॉ. मनीष मोदी*
*धार, 25 नवम्बर 2026।* मौसम में अचानक बदलाव बीमारियों का कारण बन सकता है। ठंड के मौसम में सभी को, विशेषकर वृद्धजनों को अपने स्वास्थ्य के प्रति विशेष सतर्कता बरतनी चाहिए। पौष्टिक आहार का सेवन करें, गर्म कपड़ों का उपयोग करें तथा समय पर भोजन और पर्याप्त नींद लें। यह बात जिला चिकित्सालय के मेडिसिन विशेषज्ञ डॉ. मनीष मोदी ने स्थानीय श्रद्धालय वृद्धाश्रम में आयोजित कार्यक्रम में कही।
भारत सरकार एवं जिला प्रशासन धार द्वारा अटल वयो अभ्युदय योजना के अंतर्गत पांच दिवसीय समग्र कल्याण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम में स्वास्थ्य परीक्षण, जागरूकता एवं विभिन्न रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से वृद्धजनों के शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक कल्याण पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
कार्यक्रम में आयुष चिकित्सक डॉ. कन्नौज, डॉ. सातेसिंह सोलंकी, डॉ. चौहान एवं डॉ. प्रतीक पटेल ने वृद्धजनों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यकतानुसार दवाइयां वितरित कीं। चिकित्सकों ने वृद्धजनों के बेहतर स्वास्थ्य, सक्रियता, आपसी समन्वय एवं समानता की भावना की सराहना की। इस दौरान ऋतुचर्या एवं मौसम के अनुसार स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक सावधानियों पर भी चर्चा की गई। साथ ही धूप सेंकने के महत्व की जानकारी दी गई।
इस अवसर पर डॉ. कीर्ति बघेल, श्रीमती गुप्ता, सरला ठाकुर, विद्या गुंजाल, शकुंतला सिसोदिया, धर्मेंद्र पिपलोदिया, सत्कार अधिकारी जी. कोर, भरत पंवार सहित वृद्धाश्रम के वृद्धजनों ने अपने अनुभव साझा किए। कार्यक्रम के माध्यम से वृद्धजनों को स्वस्थ एवं सक्रिय जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
पांच दिवसीय कार्यक्रम के अंतर्गत आर्ट एंड म्यूजिक कॉलेज द्वारा संगीत, नृत्य एवं चित्रकला के माध्यम से वृद्धजनों के जीवन को आनंदमय एवं बेहतर बनाने के उद्देश्य से विभिन्न प्रस्तुतियां भी दी जाएंगी। वृद्धाश्रम संचालित करने वाली संस्था भोज शोध संस्थान के डॉ. दीपेंद्र शर्मा ने सभी वृद्धजनों एवं जागरूक नागरिकों से कार्यक्रम में सहभागी बनने की अपील की है।
कार्यक्रम के अंत में जिला सामाजिक सुरक्षा अधिकारी श्री अवनीश दुबे ने आभार व्यक्त किया।
Directorate of Health Services, Madhya Pradesh CM Madhya Pradesh Collector Office Dhar Jansampark Madhya Pradesh