*अनुसूचित जाति आयोग के सदस्य ने जिला जेल धार का किया निरीक्षण, बंदियों से किया सीधा संवाद*
*धार, 25 नवंबर 2026।* मध्यप्रदेश अनुसूचित जाति आयोग के सदस्य श्री बारेलाल अहिरवार ने बुधवार को जिला जेल धार का भ्रमण कर विभिन्न व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बंदियों से सीधे संवाद कर शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। श्री अहिरवार ने जेल में संचालित कौशल विकास उन्नयन कार्यक्रम के तहत औद्योगिक प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे दंडित बंदियों को जेल से रिहाई के बाद स्वरोजगार एवं रोजगार के अवसरों के बारे में बताया। उन्होंने बंदियों को जेल में अनुशासन बनाए रखने, अच्छे आचरण एवं नियमानुसार माफी अर्जित कर समयपूर्व रिहाई के प्रावधानों की जानकारी भी दी।
उन्होंने ऐसे निर्धन बंदियों को भारत सरकार की निर्धन कैदी वित्तीय सहायता योजना का लाभ दिलाने के निर्देश दिए, जो जमानत आदेश होने के बावजूद जमानत अथवा जुर्माने की राशि जमा नहीं कर पाने के कारण जेल में निरुद्ध हैं। इसके लिए पात्र बंदियों को चिन्हित कर योजना से लाभान्वित करने के निर्देश जेल प्रबंधन को दिए।
निरीक्षण के दौरान माननीय सदस्य ने पाकशाला में तैयार भोजन का परीक्षण किया तथा भोजन की गुणवत्ता पर संतोष व्यक्त किया। उन्होंने जेल परिसर में संचालित औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान का भ्रमण कर बंदियों को दिए जा रहे रोजगारमूलक प्रशिक्षण की सराहना की। इसके पश्चात जेल परिसर में वृक्षारोपण किया तथा बंदियों के परिजनों से भी संवाद किया। इस अवसर पर डिप्टी कलेक्टर श्रीमती निमिषा पाण्डेय, जिला सत्कार अधिकारी एवं आयोग के अन्य पदाधिकारी तथा जिला जेल का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।
CM Madhya Pradesh Indore Commissioner Collector Office Dhar Jansampark Madhya Pradesh