*खरबूजा महल की स्थापत्य कला को कागज पर उतारने में जुटे बच्चे, पहले किया स्वच्छता अभियान*
*विश्व विरासत सप्ताह के तहत धार किले में हुआ आयोजन, विद्यार्थियों ने ऐतिहासिक धरोहरों का बारीकी से अवलोकन कर रेखांकन के जरिए दिखाई अपनी कलात्मक प्रतिभा*
*धार 25 नवंबर 2026।* कलेक्टर श्री राजीव रंजन मीना के मार्गदर्शन में विश्व विरासत सप्ताह के तहत बुधवार को ऐतिहासिक धार किले में स्वच्छता अभियान और स्केच प्रतियोगिता आयोजित की गई। जिला पुरातत्व, पर्यटन एवं संस्कृति परिषद के तत्वावधान में हुए इस आयोजन में विद्यार्थियों ने एक ओर श्रमदान कर विरासत परिसर को स्वच्छ रखने का संदेश दिया, वहीं दूसरी ओर अपनी पेंसिल से धार के इतिहास और स्थापत्य कला को कागज पर जीवंत करने का प्रयास किया।
कार्यक्रम की शुरुआत धार किले के खरबूजा महल के आसपास स्वच्छता अभियान से हुई। पीजी कॉलेज धार की राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयं सेवकों और विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थियों ने स्वच्छता अभियान में उल्लेखनीय योगदान दिया। विद्यार्थियों और आयोजन से जुड़े लोगों ने महल के आसपास सफाई कर ऐतिहासिक स्थलों के संरक्षण में स्वच्छता की भूमिका को रेखांकित किया। इस गतिविधि के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि विरासत को सहेजने का अर्थ केवल प्राचीन इमारतों को सुरक्षित रखना नहीं, बल्कि उनके आसपास के परिवेश को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखना भी है।
इसके बाद स्केच प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें विद्यार्थियों ने खरबूजा महल सहित धार किले की अन्य ऐतिहासिक संरचनाओं का बारीकी से अवलोकन किया। किसी ने महल की विशिष्ट बनावट को कागज पर उतारा तो किसी ने किले की प्राचीन स्थापत्य शैली और उसकी ऐतिहासिक पहचान को अपने रेखांकन का विषय बनाया। विद्यार्थियों ने स्मारकों की दीवारों, खिड़कियों, मेहराबों और वास्तुशिल्प की बारीकियों को समझते हुए पेंसिल की रेखाओं से उनकी आकृतियां उकेरीं।
आयोजन में शासकीय ललित कला महाविद्यालय के प्राचार्य सतीश रतोनिया सहित महाविद्यालय के दुर्गेश बिरथरे, लोकरे आदि का विशेष योगदान रहा। इस अवसर पर जिला पुरातत्व एवं संस्कृति परिषद के नोडल अधिकारी प्रवीण शर्मा, विश्व विरासत सप्ताह के नोडल अधिकारी एवं जिला रोजगार अधिकारी सतीश डोडिया, जिला जनसंपर्क कार्यालय की अधिकारी वीणा रावत सहित अन्य उपस्थित रहे। पूरे आयोजन ने स्वच्छता, कला और विरासत संरक्षण को एक साथ जोड़ते हुए नई पीढ़ी को अपनी ऐतिहासिक धरोहरों से जुड़ने का संदेश दिया।
*स्केच प्रतियोगिता के परिणाम*
विश्व विरासत सप्ताह के तहत शासकीय ललित कला महाविद्यालय, धार में आयोजित स्केच प्रतियोगिता के विद्यालयीन वर्ग में सुजायनी बद्रीसिंह नर्वल, कन्या माध्यमिक विद्यालय क्रमांक-4, धार ने प्रथम, शानिका गोविंद चौहान, शासकीय सांदीपनि विद्यालय, धार ने द्वितीय तथा निर्मला सुरेश जमरा, शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय क्रमांक-1, धार ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
महाविद्यालयीन वर्ग में प्रदीप जाट ने प्रथम, हीरालाल सोलंकी ने द्वितीय और राज तेजावत ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। तीनों विद्यार्थी शासकीय ललित कला महाविद्यालय, धार के हैं।
Madhya Pradesh Tourism Collector Office Dhar Jansampark Madhya Pradesh Indore Commissioner CM Madhya Pradesh