सामाजिक सेवाओं में निस्वार्थ योगदान के लिए आरएसओ के स्वयंसेवकों को किया सम्मानित
यमुनानगर, 5 नवम्बर-रैडक्रॉस भवन में आयोजित कार्यक्रम में विशेष सामाजिक कार्यों में योगदान के लिए रोड सेफ्टी आग्रेनाइजेशन के सदस्यों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर स्वतंत्रता सेनानी डॉ. मदन मोहन गुप्ता ने सभी सदस्यों को प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर बातचीत करते हुए डॉ. मदन मोहन गुप्ता ने बताया किया उनका जन्म 15 जुलाई 1932 में गुमथला राव में हुआ था। उनके पिता अंग्रेजों के समय में अध्यापक थे और लगभग 18 वर्ष तक गांव में सरपंच भी रहे थे। उन्होंने बताया कि उनकी आरंभिक पढ़ाई गीता हाई स्कूल कुरुक्षेत्र से हुई थी उसके बाद आयुर्वेदिक शिक्षा दिल्ली से ग्रहण की और अपनी आर्युवैदिक प्रैक्टिस गुमथला राव में शुरू की। उन्होंने बताया कि वे 1945 में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़े थे। आज 95 वर्ष की आयु में वे स्वतंत्रता सेनानी के रूप में जीवन यापन कर रहे हैं और सरकार की ओर से उनको समय-समय पर सम्मानित किया जाता है। सरकार द्वारा स्वतंत्रता सेनानी के रूप में सम्मान सहित 20 हजार रुपये की पेंशन दी जा रही है। उन्होंने आयुर्वेद के क्षेत्र में अपने अनुभव के द्वारा सारा जीवन समाज की सेवा में अर्पित किया है।
जिला रैड क्रॉस समिति के सचिव संजीव धीमान ने युवाओं को आह्वान करते हुए कहा कि आज की युवा पीढ़ी को डॉ. मदन मोहन गुप्ता जैसे स्वतंत्रता सेनानियों से देश भक्ति की प्रेरणा लेनी चाहिए तथा आयुर्वेद के क्षेत्र में उनके अनुभव से पौष्टिक भोजन एवं सादगी भरी जीवन शैली अपनी चाहिए। ऐसे प्रेरणा दायक व्यक्तित्व के विचारों से नई पीढ़ी को नए आयामों, स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष एवं बलिदान तथा राष्ट्रभक्ति के बारे में पता चलता है। इन महापुरुषों की विचारधारा और सामाजिक योगदान के बारे में अधिक से अधिक लोगों को अवगत कराना चाहिए ताकि नौजवान राष्ट्रभक्ति को अपने जीवन का लक्ष्य बनाकर देश की उन्नति व विकास में अपना योगदान दे सकें। उन्होंने कहा कि रोड सेफ्टी आग्रेनाइजेशन के सदस्य सदैव सामाजिक कार्यों में अपनी भागीदारी के लिए रेडक्रॉस व जिला प्रशासन के कार्यक्रमों में विशेष रूप से बढ़चढ़ कर भाग लेते है और निस्वार्थ भाव से अपनी सेवाएं देते हैं। इस माह कपालमोचन मेले में भी अपनी सेवाएं देने का आश्वासन दिया है। इस अवसर पर रोड सेफ्टी आग्रेनाइजेशन के सदस्य अरुण कुमार, धैर्य, गुलशन कुमार, देवी चन्द, प्रदीप गुलाटी, विकास जैन, राजपाल, गुरूसेवक, गुलशन धीमान, दलीप कुमार, शीशपाल एवं समस्त रेड क्रॉस स्टाफ उपस्थित था।
#HVN24
Thanesar, Kurukshetra | Nov 5, 2026