प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के शिविर का डीएम ने किया निरीक्षण, लाभुकों को योजना के लाभों की दी विस्तृत जानकारी
सारण, 19 अगस्त 2026। जिला पदाधिकारी, सारण श्री वैभव श्रीवास्तव ने आज रिविलगंज प्रखंड में प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत आयोजित शिविर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने शिविर में उपस्थित लाभुकों एवं ग्रामीणों से संवाद कर योजना की प्रगति एवं आवेदन की स्थिति की जानकारी ली।
जिला पदाधिकारी ने सभी उपस्थित लोगों को प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत मिलने वाले लाभों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस योजना के तहत केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा मिलकर ₹1 लाख तक की सब्सिडी उपलब्ध कराई जाती है। उन्होंने कहा कि यदि लाभुक को ऋण की आवश्यकता होती है, तो इसके लिए ऋण भी कम ब्याज दर पर उपलब्ध कराया जा सकता है। उन्होंने ग्रामीणों को समझाते हुए कहा कि इस ऋण की ईएमआई भी लगभग उनके वर्तमान बिजली बिल के बराबर हो सकती है और दो-तीन वर्षों में ऋण की ईएमआई पूरी हो जाने के बाद लंबे समय तक सौर ऊर्जा का लाभ लिया जा सकता है।
उन्होंने ग्रामीणों से अपील करते हुए कहा कि यह योजना आम लोगों के लिए बिजली के खर्च को कम करने और अपने घर पर सौर ऊर्जा की सुविधा प्राप्त करने का महत्वपूर्ण अवसर है। इसलिए सभी पात्र परिवार इसका लाभ उठाएं। उन्होंने बताया कि योजना का लाभ प्राप्त करने के लिए 31 मार्च 2027 तक की अवधि निर्धारित है, इसलिए इच्छुक लोग समय रहते आवेदन करें और योजना में अवश्य शामिल हों।
जिला पदाधिकारी ने शिविर में उपस्थित संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को निर्देश दिया कि अधिक से अधिक पात्र लोगों को योजना की जानकारी देकर उन्हें आवेदन करने के लिए प्रेरित करें तथा आवेदन जनरेट कराने की प्रक्रिया में तेजी लाएं। उन्होंने कहा कि योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार के साथ लोगों को इसके लाभ एवं आवेदन प्रक्रिया के बारे में स्पष्ट जानकारी दी जाए।
उन्होंने प्रखंड विकास पदाधिकारी को निर्देश दिया कि जनप्रतिनिधियों की बैठक आयोजित कर उन्हें योजना की विस्तृत जानकारी दें तथा उनकी काउंसलिंग कराएं, ताकि पंचायत एवं गांव स्तर पर अधिक से अधिक लोगों को योजना से जोड़ा जा सके। उन्होंने बीएलबीसी की बैठक करने के लिए भी बीडीओ को निर्देशित किया ताकि बैंकों के साथ प्रभावी समन्वयन किया जा सके। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि पात्र लाभुकों का आवेदन हर हाल में जनरेट कराया जाए, इसके बाद वेंडर का चयन एवं बैंक ऋण की स्वीकृति की प्रक्रिया भी समयबद्ध तरीके से पूरी कराई जाए।
जिला पदाधिकारी ने बैंक प्रतिनिधियों के साथ लगातार समन्वय स्थापित करने का निर्देश देते हुए कहा कि ऋण स्वीकृति के स्तर पर अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए। संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी बैंक प्रतिनिधियों के साथ नियमित समन्वय कर लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करें।
निरीक्षण के दौरान कुछ लोगों द्वारा यह जानकारी दिए जाने पर कि उन्हें प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के संबंध में पर्याप्त जानकारी नहीं है, जिला पदाधिकारी ने इसे गंभीरता से लेते हुए विशेष प्रचार-प्रसार अभियान चलाने की हिदायत दी। उन्होंने निर्देश दिया कि पंचायत एवं गांव स्तर तक योजना की जानकारी पहुंचाई जाए तथा शिविरों के माध्यम से लोगों को आवेदन करने के लिए प्रेरित किया जाए।
जिला पदाधिकारी ने इसके बाद रिविलगंज प्रखंड कार्यालय के विभिन्न कार्यों एवं व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया तथा कार्यालय में संचालित गतिविधियों और जनसेवा से संबंधित कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश देते हुए कार्यों का समयबद्ध एवं प्रभावी निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा। जिला पदाधिकारी में पीएम सूर्याघरी योजना के लाभ बलिराम सिंह, राठौड़ टोला,गरखा ढाला, छपरा के घर का भी दौरा किया तथा वहां इंस्टॉल्ड सोलर सिस्टम का निरीक्षण करते हुए गृहवासी से तमाम जानकारियां भी ली कि इससे उन्हें क्या लाभ हो रहा है लाभुक श्री बलिराम सिंह ने बताया कि उनका बिजली बिल अब शून्य हो गया है। जिला पदाधिकारी ने पीएम सूर्य घर योजना से जुड़े पदाधिकारी को निदेशित किया कि उपभोक्ता को इस योजना से जुड़ने की प्रेरणा देने के लिए इन लाभुकों को भी उनके बीच ले जाया जाए। उपभोक्ता को जब इनसे इस योजना के लाभ के बारे में जानकारी मिलेगी तो वह ज्यादा उत्साहित होकर इस योजना से जुड़ेंगे।