वार्ड सदस्यों ने छह सूत्री मांगों को लेकर दिया धरना
काको। जिला वार्ड सदस्य संघ जहानाबाद सह प्रखंड वार्ड सदस्य संघ काको के बैनर तले वार्ड सदस्यों की विभिन्न मांगों को लेकर गुरुवार को काको प्रखंड मुख्यालय परिसर में एक दिवसीय धरना दिया गया। धरना की अध्यक्षता वार्ड सदस्य संघ काको के प्रखंड अध्यक्ष सीताराम यादव ने की, जबकि मंच का संचालन संघ के जिलाध्यक्ष सुनील कुमार ने किया।
धरना के माध्यम से वार्ड सदस्यों ने छह सूत्री मांगों को पूरा करने की मांग सरकार से की। इसमें वार्ड सदस्यों के बकाया अनुरक्षक राशि का भुगतान करने, वार्ड सदस्यों को न्यूनतम 18 हजार रुपये मासिक सम्मानजनक भत्ता देने, नल-जल योजना के अनुरक्षण का जिम्मा वार्ड सदस्यों को देने, नल-जल अनुरक्षकों को करंट से बचाव के लिए सेफ्टी किट उपलब्ध कराने, वार्ड सदस्यों को पूर्व की भांति वित्तीय अधिकार देने तथा मनरेगा योजना में पांच लाख रुपये तक की प्रशासनिक स्वीकृति का अधिकार वार्ड सदस्यों को देने की मांग शामिल है।
जिलाध्यक्ष सुनील कुमार ने कहा कि वार्ड सदस्य पंचायत व्यवस्था की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी हैं। उनकी मांगों पर सरकार को गंभीरता से विचार करना चाहिए। यदि मांगों को शीघ्र पूरा नहीं किया गया तो जिला मुख्यालय जहानाबाद में धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।
धरना को संबोधित करते हुए विभिन्न प्रखंडों के प्रखंड अध्यक्षों ने कहा कि पंचायती राज व्यवस्था तभी मजबूत और सफल होगी, जब गांव में पढ़ाई, गांव में दवाई और गांव की समस्याओं की सुनवाई गांव में ही हो। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी के ग्राम स्वराज के सपने को साकार करने के लिए पंचायत प्रतिनिधियों को पर्याप्त अधिकार और संसाधन मिलना जरूरी है।
धरना में मखदुमपुर प्रखंड अध्यक्ष नाजनी परवीन, हुलासगंज प्रखंड अध्यक्ष मनोज शर्मा, रतनी प्रखंड अध्यक्ष रमेश प्रसाद सिंह, सदर प्रखंड अध्यक्ष मंटू कुमार, मोदनगंज प्रखंड अध्यक्ष दिनेश कुमार, रतनी पंडौल पंचायत के उपमुखिया बृजेश कुमार, पूर्व वार्ड सदस्य पिंटू सिंह समेत विभिन्न प्रखंडों के सैकड़ों वार्ड सदस्य उपस्थित थे।