दरधा नदी के बढ़ते जलस्तर से प्रभावित इलाकों का मंत्री ने लिया जायजा
जहानाबाद। दरधा नदी के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए गुरुवार को बिहार सरकार के खान एवं भूतत्व तथा कला, संस्कृति एवं युवा विभाग के मंत्री डॉ. प्रमोद कुमार चंद्रवंशी ने शहर के प्रभावित इलाकों का निरीक्षण किया। उन्होंने गौ लक्ष्मी, ठाकुरबाड़ी, जाफरगंज, साईं मंदिर, श्यामनगर पुल और एसएस कॉलेज के आसपास के क्षेत्रों का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान मंत्री ने नदी के बढ़ते जलस्तर और इससे उत्पन्न संभावित स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने जिलाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी समेत संबंधित अधिकारियों को प्रभावित लोगों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए राहत एवं बचाव कार्य के लिए पूरी सतर्कता बरतने का निर्देश दिया। साथ ही आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर त्वरित कार्रवाई करने को कहा।
मंत्री ने अधिकारियों से कहा कि नदी के जलस्तर पर लगातार नजर रखी जाए और प्रभावित क्षेत्रों में लोगों को किसी तरह की परेशानी नहीं हो, इसके लिए जरूरी कदम उठाए जाएं। संभावित जलजमाव और बाढ़ की स्थिति को देखते हुए प्रशासन को पूरी तरह अलर्ट रहने का निर्देश दिया गया।
निरीक्षण के दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष धीरज कुमार, जिला महामंत्री अनिल ठाकुर, जिला उपाध्यक्ष कृष्ण मुरारी गुड्डू एवं कृष्णकांत कुमार, मोर्चा अध्यक्ष गौरव सिंह, जिला मंत्री गणेश चौधरी, संतोष चंद्रवंशी और नगर मंडल अध्यक्ष अमृत वर्मा समेत अन्य कार्यकर्ता मौजूद थे।