शासकीय कार्यालय में घुसकर लेखपाल से अभद्रता, मारपीट के प्रयास का आरोप; कर्मचारियों ने कोतवाली में दी शिकायत
दमोह। जिला पंचायत कार्यालय के समीप संचालित ग्रामीण यांत्रिकी सेवा (आरईएस) विभाग में शुक्रवार दोपहर एक ठेकेदार द्वारा कार्यालय में घुसकर लेखपाल से अभद्रता एवं मारपीट के प्रयास का मामला सामने आया है। घटना के बाद विभाग के कर्मचारियों ने कोतवाली पहुंचकर ठेकेदार के खिलाफ शिकायत दर्ज कराते हुए कार्रवाई की मांग की है।
ग्रामीण यांत्रिकी सेवा विभाग में पदस्थ लेखपाल राजीव लोचन चौबे ने बताया कि वे दोपहर करीब चार बजे अपने कक्ष में शासकीय कार्य कर रहे थे। इसी दौरान ठेकेदार अमरदीप अग्रवाल कार्यालय पहुंचे और बातचीत के दौरान अभद्र भाषा का प्रयोग करने लगे। विरोध करने पर उन्होंने धक्का देकर मारपीट का प्रयास किया। कक्ष से शोरगुल की आवाज सुनकर अन्य कर्मचारी मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों को शांत कराया।
चौबे ने बताया कि घटना की जानकारी कार्यपालन यंत्री को दी गई, जिनके निर्देश पर कोतवाली में लिखित शिकायत सौंपी गई है। उन्होंने बताया कि बातचीत टेंडर संबंधी विषय पर हो रही थी। ठेकेदार को बताया गया था कि फिलहाल कोई नया टेंडर जारी नहीं हुआ है। इसी दौरान विवाद की स्थिति बन गई।
उधर, कोतवाली पुलिस ने कर्मचारियों की शिकायत प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Damoh, Damoh | Jun 13, 2026