जुआ खेलने से रोका तो घर पर बरसाए पत्थर, दादा-पोते घायल; कार में भी की तोड़फोड़
कोतवाली पुलिस ने देर रात दविश देकर मौके से दो आरोपी को किया गिरफ्तार
दमोह। शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र के खजरी मोहल्ला में शनिवार-रविवार की दरमियानी रात जुआ खेलने और गाली-गलौज का विरोध करना एक परिवार को भारी पड़ गया। शराब के नशे में धुत युवकों ने अपने साथियों के साथ मिलकर पड़ोसी के घर पर जमकर पथराव कर दिया। घटना में पिता-पुत्र घायल हो गए, जबकि घर के बाहर खड़ी कार में भी तोड़फोड़ की गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है।
पीड़ित नरेन्द्र अहिरवार ने बताया कि वह देर रात ड्यूटी से घर लौटे थे। घर के पीछे कुछ युवक जुआ खेलते हुए गाली-गलौज कर रहे थे। विरोध करने पर आरोपी भड़क गए और कुछ देर बाद करीब दो दर्जन लोगों के साथ उनके घर पहुंचकर ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया। अचानक हुए पथराव से मोहल्ले में अफरा-तफरी मच गई और परिवार के लोग जान बचाने के लिए घर के अंदर छिप गए।
हमले में नरेंद्र के पुत्र अभिषेक अहिरवार और पिता शंकर अहिरवार घायल हो गए। दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कर प्राथमिक उपचार कराया गया। आरोपियों ने घर के बाहर खड़ी कार को भी नुकसान पहुंचाया। घटना के दौरान महिलाओं और बच्चों ने दरवाजे बंद कर अपनी जान बचाई।
सूचना मिलने पर डायल-112 और कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने खजरी मोहल्ला सहित शहर के विभिन्न क्षेत्रों में दबिश देकर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। कोतवाली टीआई मनीष कुमार ने बताया कि मामले में प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। फरार आरोपियों की तलाश जारी है और जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि शहर में किसी भी प्रकार की गुंडागर्दी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
Damoh, Damoh | Jun 14, 2026