बिल में छुपे सपोलों को पकड़ने में समर्थ है हमारी पुलिस: सीएम डॉ. मोहन यादव
आईजी कॉन्फ्रेंस में बोले मुख्यमंत्री, आतंकियों के सहयोगी और नेटवर्क का पर्दाफाश बड़ी उपलब्धि; साइबर अपराध, महिला सुरक्षा और सिंहस्थ-2028 की तैयारियों पर दिया जोर
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शुक्रवार को पुलिस मुख्यालय में आयोजित राज्य स्तरीय आईजी कॉन्फ्रेंस में मध्यप्रदेश पुलिस के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि प्रदेश की पुलिस किसी भी चुनौती से निपटने में सक्षम है। हाल ही में आतंकियों के सहयोगी की गिरफ्तारी और उसके नेटवर्क का भंडाफोड़ किए जाने का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि “हमारी पुलिस बिल में छुपे ऐसे सपोलों को पकड़ने में समर्थ है।”
पुलिस मुख्यालय पहुंचने पर मुख्यमंत्री को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेशवासियों का कानून व्यवस्था पर विश्वास बनाए रखना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है। पीड़ितों के साथ संवेदनशील और विनम्र व्यवहार करते हुए त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जानी चाहिए।
मुख्यमंत्री ने सिंहस्थ-2028 को करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का महापर्व बताते हुए पुलिस अधिकारियों को अभी से व्यापक तैयारियां शुरू करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि संवेदनशीलता, सतर्कता और सेवा भाव के साथ मध्यप्रदेश पुलिस देश-दुनिया के सामने आदर्श व्यवस्था का उदाहरण प्रस्तुत कर सकती है।
उन्होंने साइबर अपराधों की रोकथाम, सड़क दुर्घटनाओं में कमी, मानव तस्करी पर नियंत्रण तथा महिला एवं बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। साथ ही धार्मिक स्थलों पर ध्वनि विस्तारक यंत्रों के संबंध में न्यायालयों के निर्देशों का प्रभावी पालन सुनिश्चित करने को कहा।
मीडिया से चर्चा में मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार के ढाई वर्ष के कार्यकाल में पुलिस ने कई ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं। मंडला, बालाघाट और डिंडोरी जैसे क्षेत्रों में नक्सलवाद की समस्या समाप्त कर मध्यप्रदेश ने देश में मिसाल पेश की है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में नक्सलवाद के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की गई।
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य में पुलिस बल को मजबूत करने के लिए लगातार भर्ती अभियान चलाया जा रहा है। पिछले वर्ष से 22 हजार पदों पर भर्ती की प्रक्रिया शुरू की गई है और सरकार का प्रयास है कि पुलिस विभाग में कोई पद रिक्त न रहे। उन्होंने कहा कि सुशासन और सुरक्षा के लिए सरकार पुलिस को हर आवश्यक संसाधन उपलब्ध करा रही है।
Damoh, Damoh | Jun 14, 2026