शिवपुरी में तीन दिवसीय फोटो प्रदर्शनी का शुभारंभ, सेवा सुशासन के 12 साल की उपलब्धियां और कारगिल के वीरों की गाथा एक साथ
पीजी कॉलेज में लगी प्रदर्शनी में युवाओं को मिली योजनाओं और देशभक्ति की जानकारी
भारत सरकार के सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के केंद्रीय संचार ब्यूरो, प्रादेशिक कार्यालय भोपाल द्वारा जिला प्रशासन शिवपुरी के सहयोग से सेवा सुशासन के 12 साल, विकसित भारत जीरामजी योजना एवं कारगिल विजय दिवस विषय पर तीन दिवसीय फोटो प्रदर्शनी एवं जन-जागरूकता कार्यक्रम का शुभारंभ शासकीय श्रीमंत माधवराव सिंधिया स्नातकोत्तर महाविद्यालय (प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस), शिवपुरी में किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती नेहा यादव, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री विजय राज, 35वीं बटालियन एनसीसी के लेफ्टिनेंट कर्नल श्री ए.एन. रेड्डी, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती गायत्री शर्मा, भूतपूर्व सैनिक संगठन के अध्यक्ष कैप्टन चंद्रप्रकाश शर्मा, केंद्रीय संचार ब्यूरो के सहायक निदेशक श्री पराग मांदले और महाविद्यालय के प्राचार्य श्री पवन कुमार श्रीवास्तव ने फीता काटकर किया।
प्रदर्शनी में तीन विषयों पर आकर्षक चित्र और जानकारी के पैनल लगाए गए हैं। पहले हिस्से में पिछले 12 वर्षों में केंद्र सरकार द्वारा चलाई गई जनकल्याणकारी योजनाओं जैसे उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, पीएम आवास योजना, जनधन योजना, स्वच्छ भारत मिशन और डिजिटल इंडिया की उपलब्धियां दिखाई गई हैं। दूसरे हिस्से में विकसित भारत के संकल्प के माध्यम से गांवों में जल संरक्षण, रोजगार और सामुदायिक विकास के कार्यों की जानकारी दी गई है। तीसरे हिस्से में कारगिल युद्ध 1999 में भारतीय सेना के जवानों के साहस, बलिदान और देशभक्ति की गाथा को चित्रों के माध्यम से दर्शाया गया है।
प्रदर्शनी के दौरान जागरूकता कार्यक्रम, संवाद, प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताएं के माध्यम से तथा विभिन्न जनहितकारी योजनाओं से संबंधित जानकारी भी दी जाएगी। इस अवसर पर चित्रकला प्रतियोगिता एवं प्रश्नमंच भी आयोजित किया गया।
#JansamparkMP
#shivpuri
29 views | Shivpuri, Madhya Pradesh | Jul 23, 2026