केदारनाथ पैदल मार्ग के चीरबासा से निकाले गए 6500 से ज्यादा यात्री!! बेजुबानों की मदद में भी तत्पर दिखी SDRF टीम!!
भारी लैंडस्लाइड के बीच एसडीआरएफ का साहसिक रेस्क्यू अभियान,
केदारनाथ धाम यात्रा मार्ग पर चीरबासा हेलीपैड के समीप सोमवार को पहाड़ी से भूस्खलन होने के कारण पैदल मार्ग का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही राज्य आपदा प्रतिवादन बल के सेनानायक अर्पण यदुवंशी के निर्देश पर सोनप्रयाग स्थित बल की चौकी से उपनिरीक्षक आशीष डिमरी के नेतृत्व में जवान तत्काल चीरबासा पहुंचे। टीम ने मौके का निरीक्षण कर पुलिस, जिला आपदा प्रतिवादन बल और स्थानीय प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित किया तथा राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।
मार्ग की जोखिमपूर्ण स्थिति के बावजूद जवानों ने पूरी सतर्कता के साथ यात्रियों को एक-एक कर क्षतिग्रस्त हिस्से से सुरक्षित निकाला। अभियान के दौरान अब तक 6500 से अधिक तीर्थयात्रियों को सुरक्षित मार्ग पार कराया जा चुका है। इसके साथ ही यात्रा मार्ग पर आवाजाही कर रहे करीब 700 के करीब घोड़े-खच्चरों को भी सुरक्षित निकाला गया।
भूस्खलन प्रभावित क्षेत्र में खतरा लगातार बना हुआ है। ऐसे में जवान यात्रियों की आवाजाही पर लगातार निगरानी रख रहे हैं और उन्हें संवेदनशील स्थानों पर सावधानी बरतने के लिए सचेत कर रहे हैं। परिस्थितियों का आकलन करने के बाद ही यात्रियों को आगे भेजा जा रहा है।