चीरबासा में खतरनाक बना केदारनाथ पैदल मार्ग, जवानों की निगरानी में सुरक्षित निकाले जा रहे तीर्थयात्री,,
बारिश थमने और पत्थर गिरने का सिलसिला रुकने के बाद एक-एक कर गौरीकुंड की ओर भेजे जा रहे यात्री,,
केदारनाथ धाम पैदल मार्ग के चीरबासा क्षेत्र में पहाड़ी से लगातार पत्थर गिरने की घटनाओं के बाद मार्ग अभी भी यात्रियों के लिए खतरनाक बना हुआ है। यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए प्रशासन और सुरक्षा बलों की निगरानी में तीर्थयात्रियों को सुरक्षित तरीके से मार्ग से निकाला जा रहा है।
सोमवार को चीरबासा क्षेत्र में आसमान में हल्के बादल छाए हुए हैं, जबकि फिलहाल बारिश नहीं हो रही है। मौसम में सुधार के साथ ही चीरबासा में पत्थर गिरने का सिलसिला भी थमा हुआ है। स्थिति सामान्य होने पर जवानों की मौजूदगी में यात्रियों को एक-एक करके गौरीकुंड की ओर सुरक्षित निकाला जा रहा है।
मार्ग के संवेदनशील हिस्से में सुरक्षा जवान लगातार निगरानी बनाए हुए हैं और यात्रियों को सावधानीपूर्वक आगे बढ़ाया जा रहा है।
प्रशासन की ओर से यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए मौसम और पहाड़ी की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
यात्रियों को भी संवेदनशील क्षेत्र में अनावश्यक रुकने से बचने तथा सुरक्षा जवानों के निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है। स्थिति में किसी भी तरह का बदलाव होने पर यात्रियों की आवाजाही को तत्काल परिस्थितियों के अनुरूप नियंत्रित किया जाएगा।