प्रेस नोट
विद्यालय सुरक्षा कार्यक्रम के तहत एनडीआरएफ टीम द्वारा जमुई के दो विद्यालयों में मॉक ड्रिल आयोजित
जमुई। जिला पदाधिकारी, जमुई के निर्देश के आलोक में 9वीं वाहिनी एनडीआरएफ की टीम द्वारा विद्यालय सुरक्षा कार्यक्रम के अंतर्गत जमुई प्रखंड के +2 हाई स्कूल, जमुई बाजार एवं +2 हाई स्कूल, जमुई में मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया।
मॉक ड्रिल के माध्यम से विद्यालय के छात्र-छात्राओं एवं विद्यालय कर्मियों को विभिन्न प्रकार की आपदाओं के दौरान अपनाए जाने वाले सुरक्षा एवं बचाव के उपायों की व्यावहारिक जानकारी प्रदान की गई। इस दौरान विशेष रूप से वज्रपात, डूबने की घटना, लू/हीटवेव, भूकंप एवं अग्निकांड जैसी आपदाओं से बचाव हेतु आवश्यक सावधानियों, सुरक्षा उपायों एवं आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित प्रतिक्रिया के संबंध में जानकारी दी गई।
एनडीआरएफ टीम द्वारा मॉक ड्रिल के दौरान सुरक्षित निकासी, प्राथमिक उपचार, बचाव तकनीक एवं आपातकालीन प्रतिक्रिया से संबंधित विभिन्न गतिविधियों का व्यावहारिक प्रदर्शन किया गया। छात्र-छात्राओं को आपदा के समय घबराने के बजाय धैर्य, सजगता एवं सूझ-बूझ के साथ कार्य करने तथा निर्धारित सुरक्षा उपायों का पालन करने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यालय स्तर पर आपदा प्रबंधन एवं जोखिम न्यूनीकरण के प्रति जागरूकता बढ़ाना, छात्र-छात्राओं एवं विद्यालय कर्मियों की आपदा से निपटने की क्षमता को सुदृढ़ करना तथा आपदा की स्थिति में जान-माल की क्षति को न्यूनतम करना रहा।
जिला प्रशासन, जमुई द्वारा विद्यालय सुरक्षा कार्यक्रम के अंतर्गत जिले के विभिन्न विद्यालयों में इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम एवं मॉक ड्रिल आयोजित कर विद्यार्थियों को आपदा से बचाव एवं सुरक्षा उपायों के प्रति जागरूक एवं प्रशिक्षित करने की दिशा में निरंतर पहल की जा रही है।
7 views | Jamui, Bihar | Sep 15, 2026