प्रेस विज्ञप्ति
दिनांक-14/09/2026
जिला-जमुई
================================================================
जीविका एवं बिहार ग्रामीण बैंक की समन्वय बैठक
==================================================
ऋण वितरण को लेकर बनाई गई रणनीति
=======================================================
वित्तीय समावेशन के तहत स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी जीविका दीदियों को बैंकिंग सेवाओं से जोड़ने एवं आर्थिक रूप से सुदृढ़ करने के उद्देश्य से सोमवार को जीविका की प्रखंड इकाई जमुई सदर एवं खैरा कार्यालय में बिहार ग्रामीण बैंक के प्रबंधकों के साथ समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता डीपीएम जीविका श्री संजय कुमार के द्वारा की गई|
बैठक का मुख्य उद्देश्य स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी दीदियों को समय पर बैंकिंग सुविधाएं एवं ऋण उपलब्ध कराकर उनकी आजीविका गतिविधियों को गति देना तथा उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना रहा। बैठक में विशेष रूप से आगामी 18 सितम्बर को प्रस्तावित महा ऋण वितरण की तैयारियों की समीक्षा की गई। साथ ही, जिन स्वयं सहायता समूहों के अभी तक बचत खाते अथवा ऋण खाते नहीं खुले हैं, उनके खाते शीघ्र खोलने तथा बैंकिंग प्रक्रिया को सुगम बनाने पर विशेष जोर दिया गया।
बैठक में बिहार ग्रामीण बैंक की ओर से क्षेत्रीय प्रबंधक श्री अमरदीप, क्रेडिट मैनेजर श्री अभिषेक कुमार, प्रबंधक सूक्ष्म वित्त श्री वीरेंद्र शर्मा, खैरा एवं जमुई सदर के शाखा प्रबंधक, प्रभारी बीपीएम जमुई सदर श्री प्रियम जैन, बीपीएम खैरा श्री निरूपम घोष सहित संबंधित प्रखंडों के क्षेत्रीय एवं सामुदायिक समन्वयक उपस्थित रहे।
डीपीएम जीविका श्री संजय कुमार ने कहा कि स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाएं आज विभिन्न प्रकार की आजीविका गतिविधियों के माध्यम से आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ रही हैं। उन्होंने कहा कि जीविका और बैंक के बीच बेहतर समन्वय से अधिक से अधिक दीदियों को वित्तीय सेवाओं से जोड़ना संभव होगा। वहीं, बिहार ग्रामीण बैंक के क्षेत्रीय प्रबंधक श्री अमरदीप ने कहा कि बैंक जीविका दीदियों को स्वावलंबी बनाने के लिए आवश्यक सहयोग करने के लिए प्रतिबद्ध है। स्वयं सहायता समूहों को समय पर ऋण उपलब्ध कराने के साथ-साथ बैंकिंग सेवाओं तक उनकी पहुंच बढ़ाने के लिए जीविका के साथ निरंतर समन्वय किया जा रहा है।
Jamui, Bihar | Sep 14, 2026