समाहरणालय, कैमूर
====================
जिला जनसम्पर्क कार्यालय
====================
प्रेस विज्ञप्ति
दिनांक : 12.10.2026
====================
कैमूर में आयोजित ‘जनता का दरबार’ में जिला पदाधिकारी ने सुनीं जनसमस्याएं, 57 मामलों के त्वरित निष्पादन के निर्देश
आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित निष्पादन एवं सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लाभुकों तक पहुंचाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा संचालित विशेष अभियान के तहत सोमवार को जिले के सभी स्तरों पर जन-संवाद कार्यक्रम आयोजित किए गए।
समाहरणालय स्थित जिला पदाधिकारी के जनता का दरबार में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 57 आवेदन प्राप्त हुए। जिला पदाधिकारी ने सभी प्राप्त मामलों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों के पदाधिकारियों को नियमानुसार निर्धारित समय-सीमा के भीतर मामलों का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
जिला मुख्यालय से लेकर प्रखंड एवं सुदूर ग्रामीण पंचायतों तक विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों ने जन-संवाद कार्यक्रम में सक्रिय भागीदारी निभाते हुए आम नागरिकों से सीधे संवाद किया तथा उनकी समस्याओं एवं शिकायतों को सुना। प्राप्त आवेदनों एवं शिकायतों को संबंधित विभागों के माध्यम से आवश्यक कार्रवाई हेतु अग्रसारित किया गया।
ऑनलाइन पोर्टल पर की गई प्रविष्टियों के अनुसार, जिला मुख्यालय स्तर पर अब तक 13 अधिकारियों द्वारा 07 नागरिकों से संवाद स्थापित किया गया, जबकि जिले के 11 प्रखंडों में 11 अधिकारियों की उपस्थिति में 33 नागरिकों ने अपनी समस्याएं एवं शिकायतें दर्ज कराईं।
इसी प्रकार पंचायत स्तर पर 12 अधिकारियों द्वारा 14 नागरिकों की समस्याओं एवं शिकायतों को दर्ज किया गया। इस प्रकार जिले के विभिन्न स्तरों पर पदाधिकारियों द्वारा आम नागरिकों से सीधे संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं को सुना गया।
जिला प्रशासन द्वारा संचालित इस अभियान का मुख्य उद्देश्य सरकारी तंत्र को सीधे जनता के द्वार तक पहुंचाना, नागरिकों की समस्याओं को स्थानीय स्तर पर सुनना तथा उनके त्वरित एवं प्रभावी समाधान की व्यवस्था सुनिश्चित करना है।
जिला नोडल पदाधिकारी ने बताया कि जन-संवाद कार्यक्रम के दौरान प्राप्त आवेदनों के आधार पर लंबित मामलों के निस्तारण में तेजी आएगी तथा पात्र लाभार्थियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ समयबद्ध रूप से उपलब्ध कराने में सहायता मिलेगी।
#Kaimur #kaimurdm #JanataDarbar #jansamwad
#PublicGrievance #samratchoudhary #CMSamrat
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
Kaimur, Bihar | Oct 12, 2026