शासकीय महाविद्यालय ओरछा में सिलाई, कढ़ाई एवं हस्तशिल्प प्रशिक्षण का शुभारंभ
50 विद्यार्थी एक माह तक सीखेंगे स्वरोजगार के गुर, कौशल विकास के माध्यम से आत्मनिर्भर बनाने की पहल
--
शासकीय महाविद्यालय ओरछा में स्वामी विवेकानंद कैरियर मार्गदर्शन योजना के अंतर्गत उद्यमिता विकास केंद्र (सेडमैप) के सहयोग से अल्पावधि रोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। प्रशिक्षण के अंतर्गत विद्यार्थियों को सिलाई, कढ़ाई एवं हस्तशिल्प का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा। 19 नवंबर से 20 दिसंबर 2026 तक आयोजित होने वाले इस प्रशिक्षण में महाविद्यालय के 50 विद्यार्थी शामिल होकर स्वरोजगार एवं कौशल विकास से जुड़ी जानकारी प्राप्त करेंगे।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उद्यमिता विकास केंद्र (सेडमैप) के जिला समन्वयक श्री महेन्द्र कुमार श्रीवास रहे। उन्होंने प्रशिक्षण कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ करते हुए कहा कि वर्तमान समय में शिक्षा के साथ व्यावहारिक कौशल और उद्यमिता का ज्ञान युवाओं के लिए महत्वपूर्ण है। ऐसे प्रशिक्षण विद्यार्थियों को रोजगार के नए अवसरों से जोड़ने के साथ आत्मनिर्भर बनने की दिशा में प्रेरित करते हैं। उन्होंने वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई की जयंती के अवसर पर उनके अदम्य साहस, शौर्य एवं राष्ट्रभक्ति का स्मरण करते हुए युवाओं से उनके आदर्शों से प्रेरणा लेकर राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का आयोजन महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. पायल लिल्हारे के मार्गदर्शन एवं स्वामी विवेकानंद कैरियर मार्गदर्शन प्रकोष्ठ के नोडल अधिकारी प्रो. बुद्ध प्रिय सम्राट के नेतृत्व में किया गया। प्रशिक्षण का उद्देश्य छात्र-छात्राओं को नियमित अध्ययन के साथ रोजगारोन्मुखी व्यावहारिक कौशल उपलब्ध कराना तथा स्वरोजगार के लिए तैयार करना है। प्रशिक्षक श्रीमती निशा तिवारी एवं उनकी टीम द्वारा विद्यार्थियों को सिलाई, कढ़ाई एवं हस्तशिल्प से संबंधित प्रशिक्षण दिया जाएगा। शुभारंभ अवसर पर विद्यार्थियों को प्रशिक्षण में उपयोग होने वाली विभिन्न सामग्रियों एवं उपकरणों का परिचय भी कराया गया। प्राचार्य डॉ. पायल लिल्हारे ने विद्यार्थियों को नियमित रूप से प्रशिक्षण में उपस्थित रहकर इसका अधिकतम लाभ लेने के लिए प्रेरित किया।
इसी अवसर पर आयोजित एक अन्य कार्यक्रम में एसडीएम श्री अशोक कुमार सेन ने विद्यार्थियों से संवाद कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने विद्यार्थियों को बड़े सपने देखने, सकारात्मक सोच रखने और अपने लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए निरंतर प्रयास करने की प्रेरणा दी। उन्होंने 'द सीक्रेट' पुस्तक सहित विभिन्न उदाहरणों के माध्यम से विचारों की शक्ति, आत्मविश्वास और लक्ष्य के प्रति दृढ़ संकल्प के महत्व को समझाया। उन्होंने कहा कि सफलता के लिए स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित करने के साथ उसके अनुरूप निरंतर मेहनत और सकारात्मक दृष्टिकोण आवश्यक है।
इस अवसर पर डॉ. अनीश शुक्ला, श्री गंधर्व सिंह राजपूत, डॉ. रश्मि पटेरिया सहित महाविद्यालय के प्राध्यापक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन एवं विषय प्रवर्तन डॉ. साधना यादव ने किया।
#jansamparkMP #niwari
19 views | Niwari, Madhya Pradesh | Nov 19, 2026