प्रस्फुटन समितियों का शक्ति संचय प्रशिक्षण सम्पन्न, ग्राम विकास में सक्रिय भागीदारी पर दिया जोर
समितियों को नियमित बैठकें आयोजित करने, सामाजिक गतिविधियों को गति देने एवं कार्यों का व्यवस्थित दस्तावेजीकरण करने के लिए किया प्रेरित
--
मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद, विकासखंड पृथ्वीपुर के तत्वावधान में शक्ति संचय अभियान अंतर्गत प्रस्फुटन समितियों का प्रशिक्षण कार्यक्रम शासकीय महाविद्यालय पृथ्वीपुर में आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में समितियों की कार्यप्रणाली को प्रभावी बनाने, ग्राम विकास के विभिन्न कार्यों में उनकी सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने तथा सामाजिक गतिविधियों के व्यवस्थित संचालन और दस्तावेजीकरण पर विशेष जोर दिया गया। कार्यक्रम में मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद के संभाग समन्वयक श्री दिनेश उमरैया एवं जिला समन्वयक डॉ. सुनील कटियार का मार्गदर्शन प्राप्त हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर किया गया। इसके पश्चात अतिथियों का स्वागत किया गया। विकासखंड समन्वयक श्री उमाशंकर उपाध्याय ने कार्यक्रम की प्रस्तावना प्रस्तुत करते हुए शक्ति संचय अभियान के उद्देश्य तथा प्रस्फुटन समितियों की भूमिका एवं महत्व के बारे में जानकारी दी।
प्रशिक्षण के दौरान संभाग समन्वयक श्री दिनेश उमरैया ने प्रस्फुटन समितियों के गठन के उद्देश्य, नियमित मासिक बैठकों, समिति की कार्यप्रणाली एवं आवश्यक अभिलेखों के संधारण के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि समितियां अपनी गतिविधियों को नियमित एवं व्यवस्थित रूप से संचालित करें तथा ग्राम स्तर पर विकास और जनभागीदारी से जुड़े कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाएं।
जिला समन्वयक डॉ. सुनील कटियार ने ग्राम विकास के विभिन्न विषयों पर समितियों की सक्रियता बढ़ाने और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता बताई। उन्होंने समिति के कार्यों में पारदर्शिता, नियमितता एवं जवाबदेही बनाए रखने पर जोर दिया।
सामाजिक कार्यकर्ता एवं नवांकुर संस्था गैलवारा समर्पण संस्था के अध्यक्ष श्री अखलेश जैन ने सामाजिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि प्रस्फुटन समितियां समाज में रचनात्मक गतिविधियों के संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। समितियों द्वारा किए जाने वाले कार्यों एवं आयोजनों का व्यवस्थित दस्तावेजीकरण भी आवश्यक है, ताकि उनकी गतिविधियों और उपलब्धियों का उचित रिकॉर्ड उपलब्ध रहे। उन्होंने सभी समितियों से प्रत्येक गतिविधि का विवरण एवं आवश्यक अभिलेख नियमित रूप से संधारित करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का मंच संचालन नवांकुर संस्था मां मानपुर समर्पण संस्था के अध्यक्ष श्री दिनेश गुप्ता ने किया। अंत में नवांकुर संस्था मां आशा जन कल्याण समर्पण संस्था के अध्यक्ष श्री अरुण बबेले ने अतिथियों, समिति पदाधिकारियों एवं सहभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
प्रशिक्षण में परामर्शदाता श्री हेमंत नामदेव, श्री राजेंद्र सेन सहित विकासखंड पृथ्वीपुर की विभिन्न प्रस्फुटन समितियों के पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।
#jansamparkMP #niwari
16 views | Niwari, Madhya Pradesh | Nov 19, 2026