पट खुलते ही मां दुर्गा के दर्शन को उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
महासप्तमी पर पूजा-पंडालों में गूंजे जयकारे, घरों और मंदिरों में भी हुई पूजा-अर्चना
जहानाबाद : शारदीय नवरात्र को लेकर शनिवार की शाम शहर में भक्ति और उत्साह का माहौल देखने को मिला। विभिन्न पूजा-पंडालों में स्थापित मां दुर्गा की प्रतिमाओं का पट विधिवत पूजा-अर्चना के बाद श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए खोल दिया गया। पट खुलते ही मां के दर्शन के लिए भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी। देर शाम तक पूजा-पंडालों में श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला जारी रहा।
महासप्तमी के अवसर पर शहर के विभिन्न पूजा-पंडालों, घरों और मंदिरों में धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किए गए। श्रद्धालुओं ने मां कालरात्रि की पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि, शांति और परिवार की खुशहाली की कामना की। पूजा-पंडालों में मां के दर्शन के लिए पहुंचे भक्तों ने श्रद्धापूर्वक शीश झुकाकर आशीर्वाद लिया।
शहर के उंटा मोड़, मलहचक, पंचमहल्ला, सट्टी मोड़, ठाकुरबाड़ी, अरवल मोड़, नया टोला सफेद मूर्ति, फिदा हुसैन मोड़ और अस्पताल गेट सहित कई स्थानों पर मां दुर्गा की प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं। पट खुलने से पहले पूजा समितियों की ओर से विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना की गई। इसके बाद श्रद्धालुओं के लिए पंडालों के द्वार खोल दिए गए।
मां के दर्शन शुरू होते ही पूजा-पंडालों में जय माता दी और मां दुर्गा के जयकारे गूंजने लगे। महिला, पुरुष और बच्चों की भीड़ से पंडालों में रौनक बढ़ गई। आकर्षक सजावट और भव्य प्रतिमाएं लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी रहीं। कई श्रद्धालु परिवार के साथ पूजा-पंडालों में पहुंचे और मां के दर्शन किए।
महाअष्टमी की पूजा आज
नवरात्र के आठवें दिन रविवार को महाअष्टमी की पूजा की जाएगी। इसको लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह है। पूजा-पंडालों में दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए भक्तों के पहुंचने की उम्मीद है। नवरात्र को लेकर शहर के विभिन्न इलाकों में उत्सवी माहौल बना हुआ है।
Jehanabad, Jehanabad | Oct 18, 2026