जिलाधिकारी की अध्यक्षता में जिला स्तरीय विभिन्न समितियों की समीक्षा बैठक आयोजित, लंबित कार्यों के समयबद्ध निष्पादन का निर्देश
आज दिनांक 14.10.2026 को जिलाधिकारी, लखीसराय श्री शैलेंद्र कुमार की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित मंत्रणा कक्ष में जिला स्तरीय विभिन्न समितियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में मद्य निषेध एवं अभियोजन, जिला सड़क सुरक्षा समिति, खनन टास्क फोर्स, जेपी सेनानी सम्मान पेंशन तथा सैनिक कल्याण से संबंधित विषयों की समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी महोदय ने संबंधित विभागों के कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी विभाग अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी गंभीरता एवं जिम्मेदारी के साथ करें तथा निर्धारित लक्ष्यों को समय सीमा के भीतर पूरा करना सुनिश्चित करें।
मद्य निषेध एवं अभियोजन से संबंधित मामलों की समीक्षा के दौरान संबंधित पदाधिकारियों को प्रभावी कार्रवाई करने तथा लंबित मामलों के निष्पादन में तेजी लाने का निर्देश दिया गया। वहीं, जिला सड़क सुरक्षा समिति की समीक्षा के क्रम में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, यातायात नियमों के अनुपालन तथा आम नागरिकों में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर बल दिया गया।
खनन टास्क फोर्स की समीक्षा के दौरान खनन से संबंधित कार्यों की नियमित निगरानी करने तथा अवैध खनन एवं परिवहन पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
जिलाधिकारी ने जेपी सेनानी सम्मान पेंशन योजना एवं सैनिक कल्याण से संबंधित मामलों की समीक्षा करते हुए पात्र लाभार्थियों से जुड़े कार्यों का नियमानुसार निष्पादन सुनिश्चित करने तथा लंबित मामलों को अनावश्यक रूप से लंबित नहीं रखने का निर्देश दिया गया।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि बैठक में दिए गए निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित करें तथा कार्यों की नियमित समीक्षा करते हुए निर्धारित समय-सीमा में निष्पादन करें। उन्होंने प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता, जवाबदेही एवं कार्यकुशलता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।
बैठक में पुलिस अधीक्षक श्रीमती प्रेरणा कुमार, उप विकास आयुक्त श्री सुमित कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी श्री प्रभाकर कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी श्री शिवम कुमार, जिला परिवहन पदाधिकारी श्री मुकुल पंकज मनी, सिविल सर्जन श्री जयप्रकाश सिंह, जिला योजना पदाधिकारी श्री आशुतोष कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी श्री रवि कुमार, नजारत उप समाहर्ता सुश्री प्राची कुमारी, पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय श्री विश्वजीत कुमार, एवं संबंधित विभाग के पदाधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे l
12 views | Lakhisarai, Bihar | Oct 14, 2026