विधि-व्यवस्था एवं जिला स्तरीय निगरानी समिति (DLOC) की बैठक आयोजित, लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन का निर्देश
आज दिनांक 14.10.2026 को जिलाधिकारी, लखीसराय श्री शैलेंद्र कुमार की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित मंत्रणा कक्ष में विधि-व्यवस्था की समीक्षा बैठक तथा जिला स्तरीय निगरानी समिति (DLOC) की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में विधि-व्यवस्था की स्थिति, आपराधिक मामलों की प्रगति, लंबित वारंट एवं कुर्की की कार्रवाई तथा अन्य महत्वपूर्ण बिंदुओं की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी महोदय ने गंभीर आपराधिक कांडों में दर्ज मामलों एवं निष्पादित कांडों की स्थिति की समीक्षा करते हुए संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने लंबित गिरफ्तारी वारंटों के निष्पादन, कुर्की-जप्ती की कार्रवाई तथा फरार अभियुक्तों के विरुद्ध नियमानुसार प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया। साथ ही, विभिन्न कांडों में की गई कार्रवाई की नियमित समीक्षा करते हुए लंबित मामलों का त्वरित निष्पादन करने का निर्देश दिया।
बैठक में रद्द किए गए शस्त्र लाइसेंस, अवैध हथियारों एवं विस्फोटकों की बरामदगी तथा निर्वाचन संबंधी अपराधों के अंतर्गत दर्ज कांडों के निष्पादन की भी समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को सभी मामलों में आवश्यक कार्रवाई समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित करने तथा विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सतर्कता एवं तत्परता के साथ कार्य करने का निर्देश दिया।
इसके अतिरिक्त, जिले के विभिन्न थानों में स्थापित सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी महोदय ने निर्देश दिया कि जिन थानों में सीसीटीवी कैमरे स्थापित हैं, उन्हें अविलंब चालू कराया जाए। उन्होंने सीसीटीवी कैमरों का सुचारु संचालन सुनिश्चित करने तथा इसकी नियमित निगरानी करने पर बल दिया।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जिले में शांति एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए सभी संबंधित पदाधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करें तथा लंबित मामलों में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करें
बैठक में अपर समाहर्ता श्री नीरज कुमार,भूमि सुधार उपसमाहर्ता श्री राहुल कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी श्री प्रभाकर कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी श्री शिवम कुमार, जिला परिवहन पदाधिकारी श्री मुकुल पंकज मनी, नजारत उपसमाहर्ता सुश्री प्राची कुमारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी श्री रवि कुमार, तथा संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
25 views | Lakhisarai, Bihar | Oct 14, 2026