#भरतपुर। जिला पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार मीना के निर्देशन में शुक्रवार को जिले की विभिन्न ग्राम पंचायतों की विशेष ग्राम सभाओं में पुलिस अधिकारियों और बीट प्रभारियों ने ग्रामीणों को नवीन आपराधिक कानूनों के प्रति जागरूक किया। कार्यक्रम के दौरान 1 जुलाई 2024 से लागू भारतीय न्याय संहिता, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता और भारतीय साक्ष्य अधिनियम के नागरिक-केंद्रित प्रावधानों की जानकारी दी गई। अधिकारियों ने ई-एफआईआर, डिजिटल साक्ष्यों, त्वरित अनुसंधान, पीड़ित व गवाह सुरक्षा के साथ-साथ महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा से जुड़े कानूनों पर चर्चा की। इसके अतिरिक्त ग्रामीणों को साइबर ठगी से बचने के उपाय बताए गए और किसी भी संदिग्ध गतिविधि अथवा अपराध की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की गई।