#भरतपुर। डीग जिले में साइबर ठगों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान 'ऑपरेशन काउंटडाउन' के तहत गोपालगढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 9 साइबर ठग मुनफेद, तौफिक, अब्बास, शाहिद, राशिद, निसार, आकिल, फरहान और जैद को गिरफ्तार किया है, जबकि 3 नाबालिगों को निरुद्ध किया गया है। एसपी डी. शरण गोपीनाथ के. के निर्देशन में हुई इस कार्रवाई में पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 15 एंड्रॉयड मोबाइल, 14 सिम कार्ड, 3 एटीएम कार्ड तथा क्रेटा और स्विफ्ट गाड़ियां जब्त की हैं। पुलिस जांच में सामने आया कि ये शातिर अपराधी सोशल मीडिया पर फर्जी आईडी बनाकर पुराने सिक्के व नोट ऊंची कीमत पर खरीदने का झांसा देते थे और रजिस्ट्रेशन शुल्क के नाम पर पैसे ऐंठते थे, साथ ही सेक्सटॉर्शन के जरिए भी लोगों को ब्लैकमेल करते थे। पुलिस फिलहाल जब्त सामान और फर्जी खातों की जांच कर गिरोह के पूरे नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है।