#भरतपुर। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 157वीं जयंती और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर भरतपुर के सूचना केंद्र में जिला प्रशासन द्वारा श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ महात्मा गांधी के प्रिय भजन 'वैष्णव जन तो तेने कहिए' और रामधुनी के गायन के साथ हुआ। जिला कलेक्टर कमर चौधरी ने दोनों विभूतियों के चित्रों के समक्ष दीप प्रज्वलित कर पुष्प अर्पित किए और उन्हें नमन किया। इस दौरान जिला कलेक्टर ने कहा कि महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा और शांति के सिद्धांत आज भी उतने ही प्रासंगिक हैं, जिन्हें युवा पीढ़ी को राष्ट्र निर्माण के लिए अपने जीवन में अपनाना चाहिए। उन्होंने लाल बहादुर शास्त्री के सादगीपूर्ण जीवन, ईमानदारी और राष्ट्र के प्रति समर्पण को प्रेरणादायी बताया। कार्यक्रम में एडीएम सिटी राहुल सैनी, भरतपुर एसडीएम भारती गुप्ता सहित जिला प्रशासन के कई अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।