दुर्गा पूजा /दशहरा 2026 के अवसर पर शांति समिति की बैठक आयोजित
आज दिनांक 07.10.2026 को समाहरणालय स्थित मंत्रणा कक्ष में दुर्गा पूजा/दशहरा 2026 के अवसर पर शांति समिति की बैठक जिला पदाधिकारी, श्री शैलेंद्र कुमार लखीसराय की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारियों के साथ पूजा समितियों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। बैठक का मुख्य उद्देश्य पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराना रहा।
बैठक में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी द्वारा बताया गया कि जिले के थाना क्षेत्रों को सेक्टर में विभाजित किया गया है तथा प्रत्येक पूजा प्रतिमा के साथ एक संबंधित पदाधिकारी को टैग किया जाएगा। संबंधित पदाधिकारी प्रतिमा स्थापना से लेकर विसर्जन तक पूजा समिति के साथ समन्वय बनाए रखेंगे तथा दोनों पक्षों के पास एक-दूसरे का मोबाइल नंबर उपलब्ध रहेगा। इस वर्ष जिले में 123 प्रतिमाओं की रिपोर्टिंग की गई है। सभी संवेदनशील स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की जाएगी।
प्रशासन द्वारा स्पष्ट किया गया कि पूजा पंडाल एवं प्रतिमा स्थापना के लिए निर्धारित शर्तों के अनुरूप ही लाइसेंस निर्गत किया जाएगा। सक्रिय समिति सदस्यों को ही लाइसेंस दिया जाएगा तथा नाबालिगों को लाइसेंस नहीं दिया जाएगा। लाइसेंस हेतु आवश्यक दस्तावेज एवं आधार कार्ड की जांच की जाएगी। प्रत्येक पंडाल में पर्याप्त संख्या में पहचान चिह्न वाले वॉलंटियर्स की व्यवस्था करने का निर्देश दिया गया।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए भी नियमानुसार लाइसेंस लेना अनिवार्य होगा। केवल पूर्णतः सांस्कृतिक कार्यक्रम, जैसे भजन, कीर्तन एवं जागरण आदि की अनुमति दी जाएगी। अश्लील गाने, आपत्तिजनक कार्यक्रम एवं डीजे पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। समय पर विसर्जन करने वाली पूजा समितियों को प्रोत्साहन हेतु पुरस्कार भी दिया जाएगा।
प्रतिमा विसर्जन निर्धारित रूट के अनुसार ही किया जाएगा तथा रूट में किसी प्रकार का परिवर्तन नहीं किया जाएगा। नदी की मुख्य धारा में विसर्जन नहीं किया जाएगा तथा निर्धारित तालाब/पोखर में ही विसर्जन की व्यवस्था रहेगी। प्रतिमाएं पर्यावरण अनुकूल सामग्री से निर्मित करने का निर्देश दिया गया। विसर्जन के दौरान अश्लील गीतों के बजाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पंडालों में अग्नि सुरक्षा के लिए बालू से भरी बाल्टियां तथा आवश्यक अग्निशमन व्यवस्था रखने, प्रत्येक पंडाल में सीसीटीवी कैमरा लगाने एवं उसे डिस्प्ले से जोड़ने का निर्देश दिया गया। विद्युत एवं भवन प्रमंडल द्वारा आवश्यक सुरक्षा मानकों के संबंध में संबंधित समितियों को नोटिस देने की बात कही गई।
मद्यनिषेध विभाग एवं पुलिस प्रशासन को शराब के सेवन, असामाजिक तत्वों तथा उपद्रवियों पर विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया गया।
चौक-चौराहों एवं संवेदनशील क्षेत्रों में आज से ही वाहन जांच एवं शराब जांच अभियान चलाने तथा चिन्हित असामाजिक तत्वों के विरुद्ध कार्रवाई करने को कहा गया। अनुमंडल पदाधिकारी को आवश्यकता अनुसार निरोधात्मक कार्रवाई करने एवं संबंधित पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र में फ्लैग मार्च कराने का निर्देश दिया गया।
अपर समाहर्ता ने प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ शांतिपूर्ण आयोजन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। हाल की घटनाओं को ध्यान में रखते हुए क्षेत्रीय पदाधिकारियों, बीडीओ, सीओ एवं थाना प्रभारियों को विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया। विभिन्न समुदायों के बीच आपसी सौहार्द बनाए रखने तथा संवेदनशील स्थलों पर विशेष पुलिस बल की तैनाती का निर्देश दिया गया।
पुलिस अधीक्षक ने पूजा समितियों से प्रशासन के साथ पूर्ण सहयोग करने, अधिक से अधिक सक्रिय वॉलंटियर्स रखने तथा निर्धारित विसर्जन मार्ग एवं अन्य नियमों का शत-प्रतिशत पालन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि पर्व के दौरान शांति एवं विधि-व्यवस्था भंग करने वाले असामाजिक तत्वों को किसी भी परिस्थिति में बख्शा नहीं जाएगा।
शांति समिति की बैठक के उपरांत जिला पदाधिकारी की अध्यक्षता में संबंधित थाना प्रभारियों एवं अंचल अधिकारियों (CO) के साथ विधि-व्यवस्था की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में क्षेत्र की वर्तमान, विधि-व्यवस्था, संवेदनशील स्थलों एवं आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
इसके साथ ही आगामी दुर्गा पूजा के मद्देनजर मुख्य सचिव, बिहार द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से राज्य के सभी जिला पदाधिकारियों के साथ विधि-व्यवस्था एवं सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा बैठक की गई। बैठक में पर्व के दौरान शांति एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने, संवेदनशील स्थलों पर आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा विधि-व्यवस्था के संधारण को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्रीमती प्रेरणा कुमार, अपर समाहर्ता श्री नीरज कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी श्री प्रभाकर कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी श्री शिवम कुमार, विशेष कार्य पदाधिकारी जिला गोपनीय शाखा श्री राहुल कुमार, जिला परिवहन पदाधिकारी श्री मुकुल पंकज मणि, पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।