संविधान दिवस पर माय भारत के तत्वावधान में आयोजित हुआ विकसित भारत युवा संवाद
-
युवाओं ने लिया संवैधानिक मूल्यों के संरक्षण का संकल्प
--
संविधान दिवस के अवसर पर आज माय भारत, टीकमगढ़ के तत्वावधान में शासकीय विधि महाविद्यालय, टीकमगढ़ में 'विकसित भारत युवा संवाद' का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को भारतीय संविधान के मूल्यों एवं आदर्शों के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ विकसित भारत 2047 के संकल्प तथा नशामुक्त समाज के निर्माण में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना रहा।
कार्यक्रम में अतिथि के रूप में बाल कल्याण समिति की अध्यक्ष श्रीमती अनुपमा नायक उपस्थित रहीं। युवा आइकॉन के रूप में वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. योगरंजन जी तथा स्पोर्ट्स आइकॉन के रूप में प्रतिष्ठित खेल प्रशिक्षक श्री पी. प्रसन्ना कुमार ने सहभागिता की। इस अवसर पर महाविद्यालय की प्राचार्य सुश्री सोमा गुप्ता एवं प्राध्यापक डॉ. पुष्पेंद्र सिंह भी उपस्थित रहे।
अतिथियों ने युवाओं से संवाद करते हुए अपने अनुभव साझा किए तथा संविधान में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समानता एवं बंधुता के आदर्शों को जीवन में आत्मसात करने का आह्वान किया। उन्होंने युवाओं को शिक्षा, विज्ञान, खेल एवं सामाजिक जिम्मेदारियों के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में योगदान देने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन एवं शपथ भी दिलाई गई। उपस्थित अतिथियों, प्राध्यापकों एवं युवाओं ने संविधान में निहित आदर्शों को बनाए रखने तथा एक जिम्मेदार नागरिक के रूप में अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने का संकल्प लिया।
संवाद के दौरान विकसित भारत 2047 के लक्ष्य की प्राप्ति में युवाओं की भूमिका, संवैधानिक अधिकारों एवं कर्तव्यों तथा नशामुक्त समाज के निर्माण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी चर्चा की गई। वक्ताओं ने युवाओं से सकारात्मक गतिविधियों में सहभागिता करते हुए समाज में जागरूकता एवं रचनात्मक बदलाव लाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का आयोजन माय भारत के जिला युवा अधिकारी श्री अनुराग शुक्ला के मार्गदर्शन एवं समन्वय में किया गया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में स्वयंसेवक श्री पुष्पेंद्र प्रजापति ने भी महत्वपूर्ण योगदान दिया। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राध्यापकगण, विद्यार्थी एवं युवा उपस्थित रहे।
#JansamparkMP
#Jansamparktikamgarh
#tikamgarh