टीबी मुक्त भारत बनाने सामूहिक प्रयास, जागरूकता और समय पर उपचार जरूरी- विधायक डॉ चौधरी
टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत JOSH टीम का शुभारंभ
------
------
रायसेन स्थित स्वामी विवेकानंद पीएमश्री महाविद्यालय में आयोजित टीबी मुक्त भारत अभियान के लिए JOSH (Joint Squad for Health) टीम का शुभारंभ तथा वर्ष 2025 में रायसेन जिले की चयनित टीबी मुक्त ग्राम पंचायतों के प्रतिनिधियों का सम्मान समारोह का सांची विधायक डॉ प्रभुराम चौधरी द्वारा दीप प्रज्जवलन कर शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती सविता सेन, श्री राकेश शर्मा, सीएमएचओ डॉ दिनेश खत्री, माय भारत रायसेन की उप निदेशक मोनिका चौधरी भी उपस्थित रहीं। विधायक डॉ चौधरी ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, नागरिकों तथा युवाओं को टीबी मुक्त भारत बनाने के संकल्प को साकार करने तथा समाज में जागरूकता फैलाने में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प दिलाया। साथ ही जोश टीम के सदस्यों को किट भी वितरित की गई।
विधायक डॉ चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने भारत को टीबी मुक्त बनाने का संकल्प लिया है। टीबी मुक्त भारत अभियान को जन-जन तक पहुंचाने और टीबी उन्मूलन के प्रयासों में युवाओं एवं समुदाय की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से रायसेन जिले में भी जोश टीम का शुभारंभ किया गया है। इस पहल के अंतर्गत युवाओं, मॉय भारत वॉलिंटियर्स, एनसीसी कैडेट एवं प्रशासनिक तंत्र की सहभागिता के माध्यम से टीबी के प्रति जागरूकता, स्क्रीनिंग, जांच, उपचार की निरंतरता तथा टीबी से जुड़े भ्रम एवं कलंक को दूर करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि टीबी एक गंभीर बीमारी है, लेकिन समय पर पहचान और नियमित उपचार से इसे पूरी तरह ठीक किया जा सकता है। टीबी को लेकर समाज में किसी भी प्रकार का भय या संकोच नहीं होना चाहिए। यदि किसी व्यक्ति में खांसी, बुखार, वजन कम होना, रात में पसीना आना, भूख कम लगना अथवा कमजोरी जैसे लक्षण दिखाई दें तो बिना देर किए स्वास्थ्य केन्द्र पर जाकर जांच करानी चाहिए। टीबी मुक्त भारत बनाने के लिए सामूहिक प्रयास, जागरूकता और समय पर उपचार जरूरी है।
कार्यक्रम में उपस्थित नागरिकों तथा युवाओं से विधायक डॉ चौधरी ने कहा कि टीबी की रोकथाम केवल स्वास्थ्य विभाग की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें समाज के प्रत्येक व्यक्ति की भूमिका महत्वपूर्ण है। परिवार, जनप्रतिनिधि, स्वास्थ्य कार्यकर्ता, स्वयंसेवी संगठन, युवा और सामाजिक संस्थाएं मिलकर लोगों को जागरूक करें तो टीबी के संक्रमण को प्रभावी रूप से रोका जा सकता है। उन्होंने जोश टीम के सदस्यों से अपील की कि वे गांव-गांव और समुदाय के बीच पहुंचकर लोगों को टीबी के लक्षण, जांच, उपचार एवं बचाव के संबंध में जानकारी दें।
उन्होंने कहा कि टीबी की पहचान के लिए स्वास्थ्य संस्थानों में जांच की सुविधा उपलब्ध है तथा उपचार के दौरान मरीजों को चिकित्सकों की सलाह के अनुसार नियमित रूप से दवाओं का सेवन करना चाहिए। उपचार बीच में छोड़ना स्वास्थ्य के लिए नुकसानदायक हो सकता है। उन्होंने लोगों से अपील की कि टीबी से पीड़ित व्यक्ति के प्रति भेदभाव न करें, बल्कि उसका मनोबल बढ़ाएं और उपचार पूरा कराने में सहयोग करें। कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती सविता सेन, श्री राकेश शर्मा तथा माय भारत रायसेन की उप निदेशक मोनिका चौधरी ने भी संबोधित किया।
साथ ही सीएमएचओ डॉ दिनेश खत्री द्वारा जिले में टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत की जा रही गतिविधियों के बारे में अवगत कराया गया। उन्होंने बताया कि वर्तमान में जिले में 18 प्रमाणीकरण खखार जांच केन्द्र संचालित है। इसी प्रकार अत्याधुनिक मालिक्यूलर टेस्टिंग मशीन से सात विकासखण्डों में टेस्टिंग की जा रही है। उन्होंने बताया कि जिले की 530 ग्राम पंचायतों में से 290 ग्राम पंचायतें टीबी मुक्त हो गई हैं इनमें औबेदुल्लागंज में 30 ग्राम पंचायतें, बरेली में 53, उदयपुरा में 53, सांची में 38, गैरतगंज में 40, बेगमगंज में 36 तथा सिलवानी में 34 ग्राम पंचायतों पूरी तरह से टीबी मुक्त हो गई हैं। कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्तर पर आज नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में आयोजित JOSH Team का शुभारंभ कार्यक्रम का लाईव प्रसारण भी देखा गया।
#Raisen Jansampark Madhya Pradesh Directorate of Health Services, Madhya Pradesh Bhopal Commissioner JDjansampark Bhopal
24 views | Raisen, Madhya Pradesh | Oct 8, 2026