कानपुर में बुर्का पहनकर टीचर दोस्त को मार डाला: 10 लाख का गोल्ड ब्रेसलेट और चेन लूटी; 18 साल से दोस्ती थी
कानपुर में कोचिंग संचालक विजय प्रकाश गुप्ता की हत्या करने वाला उनका 18 साल पुराना दोस्त मोहित द्विवेदी निकला है। मोहित ने विजय की हत्या किसी रंजिश के कारण नहीं, बल्कि करीब 10 लाख रुपए के सोने के ब्रेसलेट और चेन लूटने के लिए की थी। शुक्रवार को पुलिस ने हत्याकांड का खुलासा किया।
पुलिस कमिश्नर रघुबीर लाल ने बताया- मोहित द्विवेदी ने करीब 15 दिन पहले ही वारदात की योजना बना ली थी। उसने यूट्यूब पर सर्च किया कि पहचान छिपाकर दोस्त की हत्या कैसे करें। उसने क्राइम पेट्रोल के कई एपिसोड भी देखे, जिससे पुलिस जांच से बच सके।
पहचान छिपाने के लिए मोहित ने बुर्का, लेडीज चप्पल, पर्स, दुपट्टा, ग्लव्स पहने। 31 मई (रविवार) की रात ऑटो से कोचिंग पहुंचकर लूट की। विरोध करने पर जोर का धक्का दिया। इससे विजय प्रकाश गुप्ता जमीन पर गिर गए। सिर में चोट लगने के कारण वे बेहोश हो गए। बाद में उनकी मौत हो गई। फिर मोहित उन्हें दूसरे कमरे में घसीटकर ले गया। अगले दिन 1 जून की सुबह महिला टीचर पहुंची तो खून से लथपथ शव देखा और पुलिस को सूचना दी।
होली पर दोनों एक साथ खुजराहो घूमने गए थे
कमिश्नर रघुबीर लाल ने बताया- नवाबगंज के आजाद नगर के रहने वाले कोचिंग संचालक विजय प्रकाश गुप्ता और आरोपी मोहित द्विवेदी पिछले 18 सालों से एक-दूसरे को जानते थे। दोनों एक ही बिल्डिंग में कोचिंग चलाते थे। अक्सर समय साथ बिताते थे। वे साथ में शराब पीते और जुआ भी खेलते थे।
मोहित की पत्नी कई साल पहले उसे छोड़कर चली गई थी। इसके कुछ समय बाद उसकी कोचिंग भी बंद हो गई। फिर वह एक कंपनी में लेबर सप्लाई का काम करने लगा। होली के दौरान मोहित और विजय साथ में खजुराहो घूमने गए थे। वहीं पर मोहित की नजर विजय के करीब 10 लाख रुपए कीमत के सोने के ब्रेसलेट और चेन पर पड़ी। तभी से उसने इन जेवरों को लूटने की योजना बनानी शुरू कर दी थी।