#बालाघाट
सेवा संकल्प अभियान 2026: ‘सेवा मेरा योगदान’ पहल के तहत जरूरतमंद विद्यार्थियों को वितरित की शैक्षणिक सामग्री
सेवा संकल्प अभियान 2026 के अंतर्गत ‘सेवा मेरा योगदान’ पहल के तहत शासकीय विद्यालयों में अध्ययनरत जरूरतमंद विद्यार्थियों को शैक्षणिक सामग्री वितरित कर उन्हें शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित किया जा रहा है। इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों को आवश्यक शैक्षणिक संसाधन उपलब्ध कराने के साथ समाज में सेवा, सहयोग और सामाजिक सहभागिता की भावना को बढ़ावा देना है।
अभियान के तहत शासकीय हाईस्कूल देवगांव, बोरी, भटेरा चौकी बालाघाट, कोपे एवं नांदी सहित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बिरसोला, कन्या परसवाड़ा, वरूड, बालक हट्टा, कुण्डामोहगांव, किन्ही, कनकी, सांदीपनि विद्यालय कटंगी, कन्या कटंगी, पीएमश्री शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय वरूड तथा पीएमश्री हाईस्कूल झाडगांव में गतिविधियां आयोजित की गईं। इन गतिविधियों का संचालन संबंधित विद्यालयों के प्राचार्यों एवं शिक्षकों के मार्गदर्शन में किया गया।
इस दौरान जरूरतमंद विद्यार्थियों को स्कूल बैग, पाठ्य-पुस्तकें, पेन, कॉपियां, यूनिफॉर्म, जूते सहित अन्य आवश्यक शैक्षणिक सामग्री उपलब्ध कराई गई। अभियान के माध्यम से विद्यार्थियों को शिक्षा के लिए आवश्यक संसाधन प्रदान करने और उनकी पढ़ाई के प्रति रुचि बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है।
‘एक विद्यार्थी–एक संकल्प’ का संदेश
'सेवा मेरा योगदान’ पहल के अंतर्गत समाज के प्रत्येक सक्षम व्यक्ति से जरूरतमंद विद्यार्थियों की शिक्षा में यथासंभव सहयोग करने की अपील की गई है। अभियान का उद्देश्य है कि आर्थिक या संसाधनों की कमी के कारण किसी भी विद्यार्थी की पढ़ाई प्रभावित न हो और प्रत्येक बच्चे को आगे बढ़ने के समान अवसर मिल सकें।
सेवा संकल्प अभियान 2026 की यह पहल शिक्षा के क्षेत्र में सामाजिक सहभागिता को मजबूत करने के साथ संवेदनशीलता एवं सेवा भाव को प्रोत्साहित करने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास है। इसके माध्यम से शासकीय विद्यालयों में सहयोगपूर्ण वातावरण विकसित करने और विद्यार्थियों को बेहतर भविष्य के लिए प्रेरित करने पर जोर दिया जा रहा है।
#सेवा_मेरा_योगदान
#सेवा_संकल्प_अभियान
#CMMadhyaPradesh
#JansamparkMP