पांगी में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया जनजातीय गौरव दिवस, भगवान बिरसा मुंडा को किया नमन
जनजातीय संस्कृति, परंपराओं और विरासत के संरक्षण का लिया संकल्प
पांगी, 15 नवंबर। जनजातीय क्षेत्र पांगी में रविवार को महान जनजातीय स्वतंत्रता सेनानी एवं धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के उपलक्ष्य में जनजातीय गौरव दिवस हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर भगवान बिरसा मुंडा के संघर्ष, बलिदान और जनजातीय समाज के अधिकारों के लिए उनके ऐतिहासिक योगदान को याद करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
कार्यक्रम में आवासीय आयुक्त एवं एसडीएम पांगी अमनदीप सिंह ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की।
इस अवसर पर अमनदीप सिंह ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का जीवन संघर्ष, स्वाभिमान और सामाजिक न्याय की प्रेरणादायक मिसाल है। उन्होंने अपना संपूर्ण जीवन जनजातीय समाज के अधिकारों, संस्कृति और पहचान की रक्षा के लिए समर्पित किया।
उन्होंने कहा कि जनजातीय गौरव दिवस महज एक उत्सव नहीं, बल्कि जनजातीय समाज की समृद्ध संस्कृति, परंपराओं, विरासत और विशिष्ट पहचान के संरक्षण का संकल्प दोहराने का अवसर है। साथ ही जनजातीय समुदाय के सामाजिक एवं आर्थिक उत्थान के लिए सामूहिक प्रयास करने की भी आवश्यकता है।
उन्होंने उपस्थित लोगों से भगवान बिरसा मुंडा के आदर्शों को आत्मसात करने तथा जनजातीय विरासत के संरक्षण, समाज के सम्मान और पांगी क्षेत्र के सर्वांगीण विकास में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में तहसीलदार संदीप कुमार, खंड विकास अधिकारी आस्था पंवार, कृषि विषय विशेषज्ञ डॉ. नरेश नायक, उद्यान विषय विशेषज्ञ डॉ. रमल अंगारिया, सहायक निदेशक पशुपालन डॉ. सुरेंद्र सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं विभागाध्यक्ष मौजूद रहे।
TRIBAL LIVE NEWS | The Voice of Tribal
Pangi Administration
Chamba, Chamba | Nov 15, 2026