*दिल्ली स्कूल ऑफ एक्सीलेंस में तीज पर्व पर मातृशक्ति सम्मान समारोह का भव्य आयोजन, माताओं ने बिखेरा जलवा* गीत-संगीत, डांस और रैंप वॉक से सजा मंच, उपहार पाकर खिले माताओं के चेहरे* जनपद बस्ती, उत्तर प्रदेश13 सितंबर 2026
बस्ती। दिल्ली स्कूल ऑफ एक्सीलेंस, बस्ती में तीज पर्व के पूर्व एक भव्य एवं उल्लासपूर्ण मातृशक्ति सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। विद्यालय ने इस बार एक अनूठी पहल करते हुए अपने विद्यार्थियों की माताओं को विशेष रूप से आमंत्रित कर उनका सम्मान किया। पूरा विद्यालय परिसर हंसी-खुशी, उमंग और उत्सव के रंगों से सराबोर हो गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती के पूजन एवं वंदना के साथ हुआ। विद्यालय परिवार की ओर से वंदना पांडेय, हर्षिता पांडेय, स्वाति सिंह, रेनू पांडेय, जागृति, अंकिता सिंह, शिखा उपाध्याय, रिचा एवं दिव्या त्रिपाठी सहित उपस्थित सभी माताओं ने माँ सरस्वती के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धापूर्वक आराधना की।
इसके पश्चात सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम मच गई। माताओं ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन करते हुए मंच पर ऐसा समां बांधा कि हर कोई देखता रह गया। किसी ने मधुर सावन गीत प्रस्तुत कर तीज की फुहारों का एहसास कराया, तो किसी ने मनमोहक नृत्य से सबको झूमने पर मजबूर कर दिया।
विद्यालय द्वारा माताओं के लिए म्यूजिकल चेयर, रैंप वॉक, मेहंदी लगाओ प्रतियोगिता सहित अनेक रोचक और मनोरंजक खेलों का आयोजन किया गया था, जिसमें सभी माताओं ने बढ़-चढ़कर पूरे उत्साह के साथ भाग लिया। रैंप वॉक के दौरान माताओं के आत्मविश्वास और अंदाज ने आधुनिकता और भारतीय संस्कृति के संगम को बखूबी दर्शाया।
विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि तीज केवल व्रत और त्योहार नहीं है, बल्कि नारी शक्ति, प्रेम, समर्पण और परिवार के प्रति सम्मान का प्रतीक है। इसी भावना को जीवंत रखने के लिए यह आयोजन किया गया है। इस तरह के कार्यक्रमों से विद्यालय और अभिभावकों के बीच केवल औपचारिक संबंध नहीं बल्कि आत्मीय और पारिवारिक रिश्ता मजबूत होता है, जो बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए बेहद जरूरी है।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार की ओर से सभी माताओं को सुंदर एवं स्नेहपूर्ण उपहार भेंट कर सम्मानपूर्वक विदाई दी गई।
उपस्थित माताओं ने इस अनूठी पहल के लिए दिल्ली स्कूल ऑफ एक्सीलेंस के प्रबंधन और शिक्षकों की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में विद्यालय ने उन्हें एक मंच दिया जहाँ वे खुलकर अपनी प्रतिभा दिखा सकीं।
कार्यक्रम का सफल एवं प्रभावी संचालन दिव्या त्रिपाठी द्वारा किया गया। *मातृशक्ति का सम्मान, विद्यालय की पहचान — यही है दिल्ली स्कूल ऑफ एक्सीलेंस, बस्ती की सुंदर पहल।*
Basti, Basti | Sep 14, 2026