जनपद बस्ती ,उत्तर प्रदेश 13 सितंबर 2026
*सनातन सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता के मेधावी सम्मानित, टॉप-10 में तौफ़ीक़ अहमद ने मारी बाजी* बच्चों में दिखा सनातन संस्कार और ज्ञान का संगम, टैबलेट-साइकिल पाकर खिले चेहरे*
बस्ती। सूर्यमणि फाउंडेशन एवं पहल के तत्वावधान में आयोजित सनातन सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता 2026-27 का भव्य पुरस्कार वितरण समारोह रविवार को पं. अटल बिहारी वाजपेयी प्रेक्षागृह, बस्ती में हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। समारोह में सभागार खचाखच भरा रहा और बच्चों के उत्साह देखते ही बन रहा था।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद संजय मिश्रा ने सभी विजेता विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि सामान्य ज्ञान केवल परीक्षा पास करने का माध्यम नहीं बल्कि विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास और आत्मविश्वास को बढ़ाने का सबसे सशक्त हथियार है। उन्होंने बच्चों से मेहनत, अनुशासन और भारतीय संस्कृति एवं सनातन मूल्यों से जुड़े रहकर आगे बढ़ने का आह्वान किया।
सूर्यमणि फाउंडेशन के संस्थापक अध्यक्ष सूर्यमणि पाण्डेय ने कहा कि संस्था का एकमात्र उद्देश्य विद्यार्थियों में ज्ञान के साथ-साथ संस्कार, संस्कृति और राष्ट्रबोध की भावना को मजबूत करना है। आज जब बच्चे पाश्चात्य संस्कृति की ओर भाग रहे हैं, ऐसे में सनातन ज्ञान से जोड़ना ही सच्ची राष्ट्र सेवा है। उन्होंने प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने वाले सभी विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं अभिभावकों का हृदय से आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम का कुशल मंच संचालन ओमकार चौधरी ने किया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों के भीतर छिपी प्रतिभा को निखारते हैं और उनमें आत्मविश्वास, ज्ञान और सकारात्मक प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करते हैं। उन्होंने सूर्यमणि फाउंडेशन की पूरी टीम के प्रयासों की सराहना की।
*इन मेधावियों ने लहराया परचम -*
प्रतियोगिता में टॉप-10 स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों में क्रमशः तौफ़ीक़ अहमद, ज्योति सोनकर, दिव्या, आशु गुप्ता, सौम्या गुप्ता, मुस्कान परवीन, अनन्या चौधरी, कुमारी सिद्धि, अभिनंदन गुप्ता, अनीता चौरसिया रहे। सभी को माला पहनाकर, प्रमाण पत्र और पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। फोटो में विजेता बच्चे साइकिल और प्रमाण पत्र के साथ मुस्कुराते हुए नजर आ रहे हैं।
आयोजकों द्वारा प्रथम पुरस्कार के रूप में टैबलेट, द्वितीय पुरस्कार में साइकिल और तृतीय पुरस्कार में 2100 रुपये नगद राशि व अन्य सांत्वना पुरस्कार वितरित किए गए। पुरस्कार पाकर बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे।
कार्यक्रम में बस्ती के युवा कवि अभिषेक श्रीवास्तव ने अपनी काव्य प्रस्तुति से समां बांध दिया, वहीं विभिन्न शिक्षकों एवं छात्र-छात्राओं ने भी कविताओं के माध्यम से उपस्थित लोगों को मंत्रमुग्ध किया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में रमेश यादव, अशरफ अली, विवेक तिवारी, आलम, सत्यम सोनी, जितेंद्र तिवारी, राजन, शनि, अमन एवं राजा सहित सूर्यमणि फाउंडेशन की पूरी टीम का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
संवाददाता हरी ओम प्रकाश
राष्ट्रीय हिंदी दैनिक कौटिल्य का भारत
Basti, Basti | Sep 14, 2026