पंचकूला पुलिस का ऑपरेशन क्लीन-अप
सुबह-सुबह 3 स्निफर डॉग्स के साथ 11 स्पेशल टीमों के 115 जवानों ने राजीव कॉलोनी, इंदिरा कॉलोनी व बुढ़नपुर में 400 घरों व झुग्गियों को खंगाला
3 ड्रग-शराब तस्कर काबू, 7 लाख की हेरोइन व शराब पकड़ी, 25 संदिग्ध बाइक-कार जब्त, 6 संदिग्ध हिरासत में
अपराध होने का इंतजार नहीं, अपराध की आशंका पर भी सक्रिय होगी पुलिस, पंचकूला में अपराधियों और नशा तस्करों के लिए कोई जगह नहीं: पुलिस कमिश्नर पंकज नैन
पंचकूला 10 अक्टूबर:-पंचकूला में कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने तथा असामाजिक एवं संदिग्ध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से पुलिस कमिश्नर आईपीएस पंकज नैन के सख्त निर्देशों पर पुलिस की टीमें ऐसे क्षेत्रों पर विशेष निगरानी रख रही हैं, जहां बड़ी संख्या में किराएदार, बाहरी व्यक्ति तथा असामाजित तत्वों के होने की आशंका रहती है। इसी कड़ी में डीसीपी पंचकूला आईपीएस अदिति सिंह तथा डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक आईपीएस अमरिंदर सिंह के नेतृत्व और एसीपी क्राइम अमन कुमार की अगुवाई में आज सुबह-सुबह पंचकूला के सैक्टर-14 थाना क्षेत्र के राजीव कॉलोनी, इंदिरा कॉलोनी और बुढ़नपुर में व्यापक सर्च ऑपरेशन चलाया गया।
पुलिस कमिश्नर आईपीएस पंकज नैन के अनुसार इस अभियान में सैक्टर-14 थाना टीम, सैक्टर-16 चौकी टीम, एचएपी रिजर्व फोर्स, क्राइम ब्रांच की सभी टीमें, पीओ स्टॉफ और ट्रैफिक पुलिस समेत 11 टीमों के 115 जवानों ने 3 स्निफर डॉग्स की मदद से संदिग्ध व्यक्तियों, वाहनों और संभावित एनडीपीएस संबंधी गतिविधियों की गहनता से जांच की।
सर्च ड्राइव के दौरान हमारी टीमों ने 2 हेरोइन तस्करों को 25 ग्राम व 10 ग्राम हेरोइन के साथ पकड़ा है जिसकी अनुमानित कीमत करीब 7 लाख रुपये है। साथ ही एक अन्य शराब तस्कर को भी 18 बोतल अवैध शराब के साथ काबू किया है। 25 संदिग्ध वाहन कब्जे में लिए है, इसके साथ ही 6 संदिग्ध व्यक्तियों को हिरासत में लिया गया। कार्रवाई के दौरान क्षेत्र की किरयाना की दुकानों एवं पानवाड़ी प्रतिष्ठानों की भी तलाशी ली गई।
पुलिस कमिश्नर आईपीएस पंकज नैन का सख्त संदेश: पंचकूला में अपराध करने वालों, नशा तस्करों और असामाजिक तत्वों के लिए कोई जगह नहीं है। अपराध की जड़ तक पहुंचकर उसे खत्म करना और अपराधियों के नेटवर्क को ध्वस्त करना पंचकूला पुलिस की प्राथमिकता है। संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर, व्यापक तलाशी अभियान और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। कानून से बचने के लिए कोई भी अपराधी किसी भी क्षेत्र को सुरक्षित ठिकाना न समझे। हमारा संकल्प स्पष्ट है- अपराध पर प्रहार, नशा तस्करी पर वार और प्रत्येक नागरिक की सुरक्षा सुनिश्चित करना।
पंचकूला की हर बड़ी खबर के लिए Follow करें।
#panchkulanews #panchkula #panchkulasocialmedia