पंचकूला में शारदीय नवरात्र मेले की सुरक्षा के लिए 850 पुलिसकर्मी तैनात
12 नाकों पर होगी सघन चेकिंग, हरियाणा की पहली टूरिस्ट पुलिस पोस्ट से दूसरे देशों और अन्य राज्यों से आने वाले श्रद्धालुओं से संवाद होगा आसान
डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक अमरिंदर सिंह ने मंदिर परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को लिया जाएजा, पुलिसकर्मियों को दिए निर्देश- श्रद्धालुओं से नम्र व्यवहार रखें, जरुरत पड़ने पर मदद करे
पुलिस कमिश्नर पंकज नैन का संदेश- श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और सुचारू दर्शन सर्वोच्च प्राथमिकता, नवरात्र मेले को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए हर स्तर पर पुख्ता इंतजाम
सुबह 6 बजे से रात 10 बजे तक शहर, बाजारों और रिहायशी क्षेत्रों में भारी वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध, धारा 163 लागू, 7 दिसंबर तक लागू रहेंगे आदेश
माता मनसा देवी मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं के लिए विशेष यातायात एडवाइजरी, कालका मंदिर जाने वाले श्रद्धालु और वाहन चालक इन निर्देशों का करें पालन
पंचकूला/ 10 अक्टूबर:- शारदीय नवरात्र के पावन अवसर पर पंचकूला में माता के दर्शनों के लिए आने वाले लाखों श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और सुचारू यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए पंचकूला पुलिस ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। पुलिस कमिश्नर आईपीएस पंकज नैन के निर्देशानुसार 11 से 20 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले नवरात्र मेले के दौरान माता मनसा देवी मंदिर सहित जिले के प्रमुख धार्मिक स्थलों पर सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए हैं। मेले में करीब 850 पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है, जबकि तीन एसीपी स्तर के अधिकारी सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी करेंगे। इसके अतिरिक्त क्राइम ब्रांच की टीमें सक्रिय रहेंगी और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष यातायात प्रबंधन लागू किया गया है।
डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक अमरिंदर सिंह ने मंदिर परिसर का निरीक्षण कर दिए सुरक्षा संबंधी निर्देश
डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक आईपीएस अमरिंदर सिंह ने माता मनसा देवी मंदिर परिसर का दौरा कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नवरात्र मेले के दौरान पंचकूला सहित अन्य राज्यों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु माता के दर्शन करने पहुंचते हैं। ऐसे में पुलिस का प्रयास रहेगा कि सुरक्षा व्यवस्था में किसी प्रकार की चूक न हो और भीड़ के कारण भगदड़ जैसी स्थिति उत्पन्न न हो। उन्होंने ड्यूटी इंचार्ज अधिकारियों को निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं के साथ शालीनता और नम्रता से पेश आएं तथा किसी भी व्यक्ति को सहायता की आवश्यकता होने पर तुरंत मदद उपलब्ध कराएं। माता मनसा देवी मंदिर की सुरक्षा की जिम्मेदारी एसीपी राकेश कुमार संभालेंगे।
12 नाकों पर होगी सघन चेकिंग, सीसीटीवी और बॉडी कैमरों से निगरानी
डीसीपी पंचकूला आईपीएस अदिति सिंह के अनुसार श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए मेला परिसर और आसपास के क्षेत्रों में 12 नाके स्थापित किए गए हैं, जहां वाहनों और संदिग्ध व्यक्तियों की गहन जांच की जाएगी। पुलिसकर्मी दूरबीन, बॉडी कैमरों और सीसीटीवी कैमरों की मदद से पूरे परिसर पर नजर रखेंगे। इसके लिए सीसीटीवी कैमरा नियंत्रण कक्ष भी स्थापित किया गया है। ईआरवी, पीसीआर और राइडर टीमें लगातार गश्त करेंगी, जबकि सभी क्राइम ब्रांच टीमें भी सक्रिय रहेंगी। असामाजिक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई करने के लिए आवश्यक प्रबंध किए गए हैं।
पुलिस कमिश्नर आईपीएस पंकज नैन: नवरात्र के पावन अवसर पर पंचकूला आने वाले सभी श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और सुचारू दर्शन पुलिस प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। पुलिस द्वारा हर स्तर पर पुख्ता इंतजाम किए गए हैं, ताकि श्रद्धालु बिना किसी भय और असुविधा के माता के दर्शन कर सकें। माता मनसा देवी मंदिर के अलावा काली माता मंदिर कालका, माता शारदा मंदिर त्रिलोकपुर रायपुररानी, चंडी माता मंदिर और माता समलोठा देवी मंदिर मोरनी में भी सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की गई है।
हरियाणा की पहली टूरिस्ट पुलिस पोस्ट, भाषा की बाधा होगी दूर
पुलिस कमिश्नर ने आगे बताया कि श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुविधा के लिए पंचकूला में हरियाणा की पहली टूरिस्ट पुलिस पोस्ट भी स्थापित की गई है। इसके माध्यम से दूसरे देशों और अन्य राज्यों से आने वाले श्रद्धालुओं को भाषा संबंधी परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा। पुलिसकर्मी टैब में संचालित सॉफ्टवेयर की मदद से अलग-अलग भाषाओं में संवाद कर सकेंगे। यह टूरिस्ट पुलिस पोस्ट नवरात्र के अतिरिक्त भी 24 घंटे कार्यरत रहेगी।
सुबह 6 बजे से रात 10 बजे तक शहर, बाजारों और रिहायशी क्षेत्रों में भारी वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध, धारा 163 लागू, 7 दिसंबर तक लागू रहेंगे आदेश
जिले में डीसीपी ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा 163 के तहत आदेश जारी किए हैं। इनके अनुसार, भारी एवं ओवरलोड वाहनों का सुबह 6 बजे से रात 10 बजे तक शहर, बाजारों और रिहायशी क्षेत्रों में प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। ये आदेश 7 दिसंबर 2026 तक प्रभावी रहेंगे। नवरात्र मेले के दौरान श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए यह कदम उठाया गया है। खाद्य सामग्री, दूध, पानी, एलपीजी, दवाइयां और ऑक्सीजन जैसी आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति करने वाले वाहनों को छूट रहेगी। आदेशों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
माता मनसा देवी मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं के लिए विशेष यातायात एडवाइजरी
माता मनसा देवी मंदिर में श्रद्धालुओं की सुविधा और यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के लिए ट्रैफिक पुलिस पंचकूला ने विशेष एडवाइजरी जारी की है। नवरात्र के दौरान बड़े ट्रक, ट्रैक्टर-ट्रॉली और अन्य भारी वाहनों का मंदिर के आसपास के क्षेत्र में आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। वाहन चालकों और श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि वे कोहनी साहिब गुरुद्वारा से बाईं ओर थाना एमडीसी मार्ग की तरफ निर्धारित पार्किंग स्थलों का उपयोग करें। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पार्किंग स्थल से मंदिर तक आने-जाने हेतु मुफ्त ऑटो सेवा उपलब्ध कराई जाएगी। पुलिस ने सभी से निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही इस्तेमाल करने और यातायात पुलिस का सहयोग करने की अपील की है।
कालका मंदिर जाने वाले श्रद्धालु और वाहन चालक इन निर्देशों का करें पालन
कालका स्थित काली माता मंदिर में नवरात्र मेले के दौरान यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए ट्रैफिक पुलिस सूरजपुर ने भी विशेष एडवाइजरी जारी की है। परवाणू और हिमाचल प्रदेश की ओर जाने वाले वाहन चालकों से अनुरोध किया गया है कि वे कालका बाजार मार्ग का उपयोग करने के बजाय पंचकूला-शिमला बाईपास मार्ग अपनाएं। नवरात्र के दौरान रामबाग रोड से कालका मंदिर तक बड़े ट्रक, ट्रैक्टर-ट्रॉली और अन्य भारी वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। रामबाग की ओर से आने वाले श्रद्धालु अपने वाहन कालका सब्जी मंडी स्थित निर्धारित पार्किंग स्थल पर खड़े करें। इसके बाद मंदिर तक आने-जाने के लिए मुफ्त ऑटो सेवा का लाभ उठाया जा सकता है। पुलिस ने श्रद्धालुओं और वाहन चालकों से यातायात एडवाइजरी का पालन करने तथा व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग देने की अपील की है।
पुलिस कमिश्नर की श्रद्धालुओं से अपील
पुलिस कमिश्नर आईपीएस पंकज नैन ने सभी नागरिकों और श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे नवरात्र मेले के दौरान प्रशासन का सहयोग करें, निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करें और यातायात नियमों की अनदेखी न करें। उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन का उद्देश्य प्रत्येक श्रद्धालु को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना है, ताकि सभी श्रद्धालु शांतिपूर्ण ढंग से माता के दर्शन कर सकें और नवरात्र का पर्व श्रद्धा, सुरक्षा और सुव्यवस्थित व्यवस्थाओं के बीच संपन्न हो।
पंचकूला की हर बड़ी खबर के लिए Follow करें।
#panchkulanews #panchkula #panchkulasocialmedia