पौधारोपण से ही सुरक्षित होगा आने वाली पीढ़ियों का भविष्य : मेयर सुमन बहमनी
आनंद लोक सिटी पार्क में हैंड्स टू केयर एनजीओ ने लगाए 51पौधे, मेयर रही मुख्य अतिथि
यमुनानगर। पर्यावरण संरक्षण और शहर को हरा-भरा बनाने के उद्देश्य से वार्ड नंबर 19 स्थित आनंद लोक सिटी पार्क में हैंड्स टू केयर एनजीओ द्वारा पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में नगर निगम मेयर सुमन बहमनी मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचीं। उन्होंने पौधारोपण कर लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने की अपील की।
मेयर सुमन बहमनी ने वार्ड पार्षद हरजीत आनंद, उमेश अरोड़ा (इंग्लिश गुरु), उनके संस्थान के छात्र-छात्राओं व अन्य सहयोगियों के साथ मिलकर पार्क परिसर में 51 पौधे लगाए। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक पौधारोपण में भाग लिया और पौधों की नियमित देखभाल करने का संकल्प लिया।
मेयर ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण आज के समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। बढ़ता प्रदूषण और घटती हरियाली चिंता का विषय है। पौधारोपण को केवल कार्यक्रम तक सीमित न रखकर जन-अभियान बनाना होगा। उन्होंने कहा कि आज लगाया गया एक पौधा आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ हवा और स्वस्थ वातावरण की नींव तैयार करता है।
उन्होंने कहा कि पौधा लगाने के साथ उसकी देखभाल करना भी जरूरी है। यदि प्रत्येक नागरिक एक पौधे की जिम्मेदारी ले, तो यमुनानगर-जगाधरी को और अधिक हरा-भरा बनाया जा सकता है। उन्होंने युवाओं की भागीदारी की सराहना करते हुए जल संरक्षण, स्वच्छता और प्लास्टिक के कम इस्तेमाल के प्रति भी जागरूक होने का आह्वान किया।
मेयर ने हैंड्स टू केयर एनजीओ की पहल की सराहना करते हुए कहा कि सामाजिक संस्थाओं, जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों के संयुक्त प्रयास से ही पर्यावरण संरक्षण का अभियान सफल होगा। उन्होंने कहा, “एक पौधा केवल आज की हरियाली नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के बेहतर भविष्य की गारंटी है।
फोटो - पौधा रोपण करती मेयर सुमन बहमनी व अन्य