हरियाणा स्टेट नारकोटिक्स कंट्रोल ब्युरो प्रेस विज्ञप्ति
दिनांक: 22/08/2026
एचएसएनसीबी यमुनानगर यूनिट की सतर्क नज़र, नार्को डॉग डॉलर के साथ रादौर के नशा हॉटस्पॉट क्षेत्रों में चलाया सर्च अभियान
यमुनानगर — अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक एवं HSNCB प्रमुख श्री संजय कुमार, आईपीएस के दिशा-निर्देशन तथा ब्यूरो के वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में प्रदेशभर में नशा-विरोधी अभियान चलाए जा रहे है। इसी कड़ी में HSNCB की यमुनानगर यूनिट ने अपने नार्को डिटेक्शन डॉग "डॉलर" के साथ जिले के रादौर शहर के नशा-संवेदनशील इलाकों में सघन तलाशी अभियान चलाया तथा टीम ने स्थानीय व्यापारियों व आमजन को नशे के विरुद्ध जागरूक भी किया।
नार्को डॉग "डॉलर" के साथ व्यापक तलाशी अभियान
यूनिट प्रभारी महरूफ अली ने बताया कि उनकी टीम ने नार्को डॉग "डॉलर" के साथ रादौर शहर के उन इलाकों को निशाना बनाया, जो लंबे समय से नशे की गतिविधियों के हॉटस्पॉट माने जाते रहे हैं — विशेषकर अनाज मंडी और सब्जी मंडी परिसर। प्रशिक्षित नार्को डॉग की तेज़ सूंघने की क्षमता का इस्तेमाल दुकानों, ठेलों और भंडारण क्षेत्रों की बारीकी से जांच के लिए किया गया। महरूफ अली ने कहा कि इस तरह के अभियान न केवल छिपे हुए नशीले पदार्थों का पता लगाने में मदद करते हैं, बल्कि तस्करों के मन में भय भी पैदा करते हैं, ताकि उनकी हिम्मत न हो कि वे भीड़भाड़ वाले सार्वजनिक स्थानों को अपना अड्डा बनाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि यूनिट द्वारा ऐसे सर्च अभियान आगे भी नियमित अंतराल पर जारी रखे जाएंगे।
व्यापारियों और आमजन तक पहुंचा जागरूकता का संदेश
तलाशी अभियान के साथ-साथ टीम ने मंडी परिसर में मौजूद दुकानदारों, आढ़तियों एवं आमजन से सीधा संवाद भी किया और उन्हें नशे के सामाजिक व स्वास्थ्य संबंधी दुष्परिणामों के बारे में जागरूक किया। टीम ने उपस्थित लोगों से अपील की कि यदि उनके आसपास नशे की बिक्री या तस्करी से जुड़ी कोई भी संदिग्ध गतिविधि नज़र आए, तो वे बिना किसी झिझक के तुरंत ब्यूरो को सूचित करें।
हेल्पलाइन पर करें संपर्क
हरियाणा स्टेट नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो आमजन से अपील करती है कि यदि उनके आसपास नशे की बिक्री, तस्करी या किसी भी प्रकार के अवैध नशा कारोबार की जानकारी मिले, तो तुरंत सूचित करें:
टोल-फ्री हेल्पलाइन: 1933
HSNCB हेल्पलाइन: 90508-91508
NCB MANAS पोर्टल: ncbmanas.gov.in
सूचना देने वाले की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी।