हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेला की तैयारियों को लेकर जिला पदाधिकारी की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक, सभी कार्य ससमय पूर्ण करने के निर्देश
==================
दिनांक :- 09 अक्टूबर 2026
==================
हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेला के सफल, सुव्यवस्थित एवं आकर्षक आयोजन को लेकर आज जिला पदाधिकारी, सारण श्री वैभव श्रीवास्तव की अध्यक्षता में प्रत्यक्ष एवं हाइब्रिड मोड में बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न कोषांगों एवं संबंधित पदाधिकारियों द्वारा की जा रही तैयारियों की समीक्षा की गई तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में दिए गए प्रमुख निर्देश निम्नवत हैं—
1. लिटरेरी फेस्टिवल एवं बुक फेयर: लिटरेरी फेस्टिवल के आयोजन के लिए गत वर्षों की तरह पूर्व समन्वय स्थापित कर आवश्यक तैयारियां समय से पूरी करने का निर्देश दिया गया। बुक फेयर की योजना, प्रकाशकों की सहभागिता एवं आयोजन की समय-सारणी भी पहले से निर्धारित करने को कहा गया।
2. बिल्डिंग एवं टेंडर संबंधी कार्य: मेला क्षेत्र में बिल्डिंग द्वारा किए जाने वाले कार्यों की पूर्व योजना तैयार कर नियमानुसार टेंडर प्रक्रिया पूरी करने का निर्देश दिया गया। कार्यों की गुणवत्ता एवं वास्तविक स्थिति के सत्यापन के लिए जिला स्तर पर एक सत्यापन समिति गठित की जाएगी, जिसकी अध्यक्षता उप विकास आयुक्त करेंगे। समिति में प्रशासनिक एवं तकनीकी पदाधिकारी शामिल रहेंगे, जो मेला अवधि में किए गए कार्यों की जांच कर प्रतिवेदन देंगे।
3. साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था: मेला क्षेत्र में सेक्टरवार साफ-सफाई सुनिश्चित करने के लिए सैनिटेशन सुपरवाइजर की प्रतिनियुक्ति करने तथा आवश्यक सफाई कर्मियों की संख्या का आकलन करने का निर्देश दिया गया। साफ-सफाई की आवृत्ति एवं कार्यों की समय-सारणी टेंडर में ही स्पष्ट रूप से निर्धारित करने को कहा गया। इसके लिए छपरा नगर निगम के आयुक्त की अध्यक्षता में कोषांग गठित करने तथा अन्य नगर निकायों के पदाधिकारियों एवं कर्मियों को भी इसमें शामिल करने का निर्देश दिया गया।
4. शौचालय एवं पेयजल व्यवस्था: मेला में पर्याप्त संख्या में शौचालय एवं स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। इसके लिए संबंधित कार्यपालक अभियंता को आवश्यक टेंडर प्रक्रिया पूर्व से पूरी करने तथा शौचालयों की नियमित साफ-सफाई एवं रखरखाव की आवृत्ति निर्धारित करने को कहा गया।
5. पुलिस बल के लिए आवासन: मेला के दौरान प्रतिनियुक्त होने वाले पुलिस बल के आवासन हेतु आवश्यक कैंप एवं अन्य व्यवस्थाएं पहले से सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
6. समयबद्ध कार्य निष्पादन: सभी संबंधित पदाधिकारियों एवं कार्य एजेंसियों को निर्देश दिया गया कि मेला प्रारंभ होने के कम-से-कम दो दिन पूर्व सभी निर्धारित कार्य पूर्ण कर लिए जाएं। इसके लिए टेंडर एवं वर्क ऑर्डर में समय-सीमा का स्पष्ट उल्लेख सुनिश्चित करने को कहा गया।
7. सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं कलाकारों का चयन: मेला में सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन के लिए उच्च स्तरीय कलाकारों की टीम का चयन करने तथा पर्यटन विभाग एवं कला-संस्कृति विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार करने का निर्देश दिया गया। कलाकारों की सूची में विविधता रखते हुए लोकगीत, सूफी संगीत एवं भक्ति संगीत सहित विभिन्न विधाओं के कलाकारों को शामिल करने पर बल दिया गया।
8. सरकारी प्रदर्शनी एवं व्यावसायिक स्टॉल: मेला परिसर में विभिन्न विभागों की सरकारी प्रदर्शनियों एवं स्टॉल के साथ-साथ दुकानों के सुव्यवस्थित संचालन के लिए संबंधित पदाधिकारियों को पूर्व से समन्वय स्थापित कर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
9. खाद्य सुरक्षा: मेला अवधि में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए स्वास्थ्य विभाग को खाद्य सुरक्षा निरीक्षक के साथ समन्वय स्थापित करने तथा आवश्यक पत्राचार एवं अन्य व्यवस्थाएं समय से पूरी करने का निर्देश दिया गया।
जिला पदाधिकारी ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेला की तैयारियों में समयबद्धता, आपसी समन्वय, स्वच्छता एवं गुणवत्तापूर्ण व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता दें, ताकि मेला में आने वाले श्रद्धालुओं, पर्यटकों एवं आम नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
2 views | Saharsa, Bihar | Oct 9, 2026